मनोहरपुर में दर्दनाक रेल हादसा, ट्रैक्शन विभाग का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
मालगाड़ी की चपेट में आने से टेक्नीशियन का पैर कटा, राउरकेला रेफर

चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत मनोहरपुर स्टेशन के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक रेल हादसा हो गया। ट्रैक पार करने के दौरान ट्रैक्शन विभाग में टेक्नीशियन ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत 29 वर्षीय अभिनाश कुमार पंकज मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में उनका दाहिना पैर एड़ी के ठीक ऊपर से कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले अभिनाश कुमार पंकज मनोहरपुर ट्रैक्शन कार्यालय में कार्यरत हैं। गुरुवार देर रात वह ड्यूटी से जुड़े कार्य के सिलसिले में ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान डाउन लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनका पैर बुरी तरह जख्मी होकर कट गया और मौके पर ही काफी रक्तस्राव होने लगा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद रेलकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तत्काल घायल अभिनाश को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए रक्तस्राव को नियंत्रित करने और उनकी स्थिति स्थिर करने का प्रयास किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए राउरकेला रेफर कर दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल और मनोहरपुर के रेलवे अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा घायल कर्मचारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। रेलवे अधिकारियों ने परिजनों को भी घटना की सूचना दी और आगे के उपचार को लेकर चिकित्सकीय टीम से समन्वय किया।
इधर, हादसे के कारणों को लेकर रेलवे स्तर पर जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कर्मचारी ट्रैक किस परिस्थिति में पार कर रहे थे और हादसे के पीछे सुरक्षा संबंधी कोई चूक या अन्य कारण तो नहीं था। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।





टिप्पणियां