रांची से लौटते समय ट्रेन से गिरा नौवीं का छात्र, जामताड़ा के पास दर्दनाक मौत
- Rahul
- 1 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में कक्षा नौ के छात्र की मौत हो गई। हादसा प्लेटफॉर्म नंबर एक के समीप रेलवे पोल संख्या 251/27 के पास हुआ। मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुन्ना अपने मामा सरभू शर्मा के साथ इलाज के लिए रांची गया था। इलाज के बाद दोनों हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से देवघर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह मुन्ना शौचालय जाने के बाद ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था। अचानक पैर फिसलने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही यात्रियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मधुपुर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मुन्ना अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद बुढ़ई गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।





टिप्पणियां