बोर्ड परीक्षा-2027 की तैयारी को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला, विद्यार्थियों को सफलता के दिए गए मंत्र
- Rahul
- 27 जून
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में वर्ष 2027 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से "प्रोजेक्ट परख: तैयारी उड़ान की" के तहत टाटा कॉलेज, चाईबासा के बहुउद्देशीय सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के सरकारी विद्यालयों के चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले को नई पहचान दिलाने की जिम्मेदारी अब युवाओं के कंधों पर है। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासित जीवनशैली और उत्तर लेखन के निरंतर अभ्यास पर जोर देते हुए कहा कि आज की मेहनत ही भविष्य की सफलता तय करेगी। उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि प्रोजेक्ट परख के तहत नियमित जांच परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों का परीक्षा भय दूर होगा और उनकी तैयारी मजबूत होगी।

अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार नागरिक बनने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और अपने ज्ञान से दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। इस दौरान जिले में संचालित नवाचारों तथा "प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर कदम" के तहत रक्तदान शिविर और तिथि भोज जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, अध्ययन की रणनीति, लक्ष्य निर्धारण, मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रेरित कर बोर्ड परीक्षा-2027 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों ने पश्चिमी सिंहभूम को नशा मुक्त जिला बनाने, 28 जून को आयोजित पल्स पोलियो महाअभियान तथा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।





टिप्पणियां