लगातार बारिश ने बढ़ाई परेशानी, स्कूल परिसर में घुसा पानी
शिवलाल हरिजन प्राथमिक विद्यालय जाने के लिए पानी से होकर गुजर रहे बच्चे, जाम ड्रेनेज सिस्टम बना मुसीबत

चक्रधरपुर: चक्रवात के प्रभाव से पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासकर स्कूली बच्चों के लिए बारिश मुसीबत बन गई है। चक्रधरपुर के शिवलाल हरिजन प्राथमिक विद्यालय के चारों तरफ जलजमाव होने से बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए बारिश के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे बच्चों के जूते-मोजे भीग रहे हैं और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यालय के आसपास जलजमाव के कारण न सिर्फ विद्यार्थियों, बल्कि शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए भी स्कूल परिसर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कौशल सिंह ने जलजमाव की समस्या से प्रशासन को अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बारिश के बीच स्कूल परिसर में पानी जमा रहने से बच्चों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

बताया जा रहा है कि विद्यालय के आसपास का ड्रेनेज सिस्टम जाम है, जिसके कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में चक्रधरपुर नगर परिषद प्रबंधन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसका असर विद्यालय के साथ-साथ आसपास के रिहायशी इलाकों पर भी पड़ रहा है।

कई जगहों पर जलजमाव के कारण लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश का पानी घरों के अंदर तक पहुंचने की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की खामियों को भी उजागर कर दिया है।
स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन ने मांग की है कि जलजमाव वाले स्थानों से तत्काल पानी निकालने और जाम नालियों की सफाई की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो। लंबे समय तक पानी जमा रहने से गंदगी और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।





टिप्पणियां