चक्रधरपुर के सेरसा स्टेडियम में करम पर्व फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, पंप रोड ने जीता खिताब

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर के सेरसा स्टेडियम में उरांव सरना समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय करम पर्व फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में मनोहरपुर विधायक जगत माझी, सीनियर डीएमई राजीव रंजन रसिक, नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और थाना प्रभारी अवधेश कुमार मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का उद्घाटन किया।

फाइनल मुकाबला पंप रोड चक्रधरपुर और पुरुलिया फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन रोमांचक मुकाबले में पंप रोड चक्रधरपुर ने 1-0 गोल से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

विजेता टीम को 20 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता पुरुलिया फुटबॉल क्लब को 15 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। तीरंदाजी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

समारोह के दौरान समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर करम पर्व की सांस्कृतिक छटा बिखेरी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर देता है। उन्होंने युवाओं से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विधायक जगत माझी ने कहा कि करम पर्व प्रकृति और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं। नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने युवाओं से खेल के साथ शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी ध्यान देने की अपील की।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उरांव सरना समिति के अध्यक्ष विमल खलखो, उपाध्यक्ष सह मुखिया सोमनाथ कोया, सचिव अरुण टोप्पो, कोषाध्यक्ष अनिल कच्छप समेत समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियां मौजूद रहे।





टिप्पणियां