top of page

मनोहरपुर ब्लॉक बस्टर बनी MPL सीजन-1 की पहली चैंपियन, सुपर किंग को हराकर जीता खिताब

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
11 मिनट पहले
2 मिनट पठन

विधायक जगत माझी ने विजेता टीम को सौंपी 60 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी, सुपर किंग को मिले 40 हजार रुपये



मनोहरपुर। मनोहरपुर के आम बगान मैदान में पांच दिनों तक चले मनोहरपुर प्रीमियर लीग (MPL) क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-1 का शुक्रवार को रोमांचक समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में मनोहरपुर ब्लॉक बस्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मनोहरपुर सुपर किंग को हराकर पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को 60 हजार रुपये नकद और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को 40 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली।



फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मनोहरपुर सुपर किंग की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में 73 रन बनाए। जवाब में 74 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर ब्लॉक बस्टर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 6.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ब्लॉक बस्टर MPL सीजन-1 की पहली चैंपियन बन गई। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए रोहित यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले रोबिनसन सांगा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।



समापन समारोह में मुख्य अतिथि मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने विजेता टीम को ट्रॉफी एवं 60 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने उपविजेता मनोहरपुर सुपर किंग को ट्रॉफी और 40 हजार रुपये प्रदान किए।



इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि मनोहरपुर क्षेत्र में क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित मार्गदर्शन और बेहतर मंच मिलने की जरूरत है।


MPL जैसे आयोजन स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारा और खेल भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने अगले वर्ष इससे भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने की शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


पांच दिनों तक चले इस टूर्नामेंट के दौरान आम बगान मैदान में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटती रही। प्रतियोगिता ने स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया। पहले ही सीजन में मिले उत्साह और समर्थन से आने वाले वर्षों में MPL के और बड़े आयोजन की उम्मीद जगी है।



समारोह में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेविड ए. डोडराय, प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, इंस्पेक्टर अमित रौशन कुल्लू, थाना प्रभारी एमुएल एक्का, जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, उपप्रमुख दीपक एक्का, मुखिया पूजा कुजूर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मुख्य आयोजनकर्ता किशन सिंह उर्फ बुग्गी, अनिकेत यादव, मिहिर खान, महेश यादव, नीलकंठ नाग, सौरभ, माही, नसहर समेत आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और खेल प्रेमी समापन समारोह के गवाह बने।

टिप्पणियां


bottom of page