मीडिया में खबर प्रकाशित होते ही बंडामुंडा स्टेशन दौड़े चले आए रेल डीआरएम, पुराने फुट ओवर ब्रिज को तोड़ने के फैसले पर उठे सवाल

विधायक रोहित जोसेफ तिर्की की पहल और मीडिया में मामला उजागर होने के बाद हरकत में आया रेल प्रशासन, आखिर नए ब्रिज के तैयार होने से पहले पुराने ब्रिज को तोड़ने की क्या थी मजबूरी?

बंडामुंडा (संजीव खेस): चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा रेलवे स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही पुराने फुट ओवर ब्रिज को तोड़े जाने का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को लेकर रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मामला मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित होने और बीरमित्रपुर विधायक रोहित जोसेफ तिर्की द्वारा डीआरएम से बातचीत किए जाने के बाद गुरुवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया अचानक बंडामुंडा रेलवे स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने वहां नवनिर्मित फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

डीआरएम के इस दौरे के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का सवाल है कि आखिर रेलवे प्रशासन को यात्रियों की सुरक्षा की चिंता पहले क्यों नहीं हुई? जब पुराने फुट ओवर ब्रिज को तोड़ने का काम शुरू किया गया, तब यात्रियों की आवाजाही के लिए समुचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित क्यों नहीं की गई? क्या रेलवे प्रशासन ने इस बात का आकलन किया था कि पुराने ब्रिज को हटाने के बाद यात्रियों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है?
खबर प्रकाशित होने के बाद ही क्यों जागा रेलवे प्रशासन?
इस पूरे मामले में सबसे अधिक चर्चा इस बात की हो रही है कि जब पुराने फुट ओवर ब्रिज को तोड़ने का मामला सामने आया और अखबारों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर खबरें प्रकाशित हुईं, तभी रेलवे प्रशासन की सक्रियता दिखाई देने लगी। सवाल उठता है कि यदि मीडिया में खबर प्रकाशित नहीं होती और विधायक इस मामले को डीआरएम के सामने नहीं उठाते, तो क्या रेलवे प्रशासन स्वयं यात्रियों की सुरक्षा का जायजा लेने बंडामुंडा पहुंचता?

पुराना ब्रिज तोड़ने से पहले जनप्रतिनिधियों को सूचना क्यों नहीं?
स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूरी तरह संपन्न होने से पहले पुराने ब्रिज को तोड़ने की आखिर क्या मजबूरी थी? इस महत्वपूर्ण निर्णय से पहले क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों अथवा जिला प्रशासन को विश्वास में क्यों नहीं लिया गया? ब्रिज तोड़ने के दौरान रेलवे का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद क्यों नहीं था? क्या निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया गया?
डीआरएम के निरीक्षण से ज्यादा जरूरी है सवालों का जवाब
बीरमित्रपुर विधायक रोहित जोसेफ तिर्की द्वारा मामले को गंभीरता से उठाए जाने के बाद डीआरएम का बंडामुंडा पहुंचना निश्चित रूप से इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है। लेकिन केवल निरीक्षण कर लेना ही पर्याप्त नहीं है। रेलवे प्रशासन को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि पुराने ब्रिज को तोड़ने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया, इसके लिए क्या सुरक्षा योजना बनाई गई थी और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
अब चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया के सामने कई सवाल खड़े हैं। बंडामुंडा के रेल यात्री जानना चाहते हैं कि उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देने के बजाय ऐसी स्थिति क्यों पैदा होने दी गई, जिसमें पुराने ब्रिज को हटाने के बाद यात्रियों की परेशानियां बढ़ गईं।
फिलहाल पूरे मामले में लोगों की निगाहें रेलवे प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं। सवाल सिर्फ एक फुट ओवर ब्रिज का नहीं, बल्कि हजारों रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे अधिकारियों की जवाबदेही का है।





टिप्पणियां