डोंगवापोशी रेलवे कर्मचारियों की 13 सूत्री मांगों को लेकर महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान का मिला आश्वासन
महाप्रबंधक के डीपीएस यूनिट निरीक्षण के दौरान मेंस यूनियन ने उठाईं कर्मचारियों की समस्याएं, अस्पताल, पेयजल, जर्जर सड़क और क्वार्टर मरम्मत सहित कई मांगें रखीं

डोंगवापोशी: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के डीपीएस (डोंगवापोशी) यूनिट निरीक्षण के दौरान साउथ ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन की डोंगवापोशी शाखा की ओर से शाखा सचिव जे.पी. दास के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक को 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की।
मांग पत्र में डोंगवापोशी रेलवे अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ और स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति, अस्पताल की चारदीवारी एवं रात्रि सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था, इंजीनियरिंग विभाग में लिपिक की पदस्थापना, कर्मचारियों को समय पर प्रमोशन एवं MACP का लाभ और बकाया राशि का भुगतान शामिल है। इसके अलावा मैकेनिकल विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने, ऑपरेटिंग स्टाफ के लिए यार्ड में विश्राम कक्ष एवं शौचालय बनाने तथा केंद्रीय विद्यालय को नए भवन में स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई गई।
यूनियन ने डोंगवापोशी यूनिट के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर नए रेलवे क्वार्टरों के निर्माण, रेलवे कॉलोनी की जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति तथा विभिन्न स्टेशनों के क्षतिग्रस्त रेलवे क्वार्टरों की जल्द मरम्मत कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक से कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस पर महाप्रबंधक ने मांगों पर जल्द विचार करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शाखा सचिव जे.पी. दास, अध्यक्ष डी. पान, डेलीगेट इंद्रजीत गोप, डेलीगेट नवीन पवार, सहायक सचिव गोस्वामी गोप, लक्ष्मीकांत बेहेरा, शिवशंकर तिरिया, जितेंद्र कुमार, सुमंत प्रधान, शौकत अली, बारीक अंसारी, नसीब गोप सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।





टिप्पणियां