बंडामुंडा फुट ओवर ब्रिज को लेकर विधायक तिर्की ने DRM से की बात, एक महीने में निर्माण पूरा करने का आश्वासन

बंडामुंडा। बंडामुंडा रेलवे स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही पुराने ब्रिज को तोड़कर हटा दिए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। रेल यात्रियों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए बीरमित्रपुर विधायक रोहित जोसेफ तिर्की ने आज चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया से फोन पर बातचीत की।

इस दौरान विधायक तिर्की ने पुराने फुट ओवर ब्रिज को हटाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह रेल यात्रियों की सुरक्षा और उनके जीवन के साथ खिलवाड़ है। ब्रिज नहीं होने के कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने के लिए जान जोखिम में डालकर रेल पटरी पार करनी पड़ रही है।

विधायक की शिकायत पर डीआरएम तरुण हुरिया ने खेद व्यक्त करते हुए बताया कि यात्रियों की आवाजाही के लिए स्टेशन पर वैकल्पिक पाथवे बनाया गया है। साथ ही यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर 24 घंटे रेल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि प्लेटफॉर्म बदलने में किसी को परेशानी न हो। डीआरएम ने आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर नए फुट ओवर ब्रिज को यात्रियों के आवागमन के लिए तैयार कर लिया जाएगा।

वहीं, डीआरएम ने यह भी स्पष्ट किया कि बंडामुंडा एआरएम द्वारा फुट ओवर ब्रिज के मामले में मीडिया को दी गई प्रतिक्रिया गलत थी। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में एआरएम मीडिया में किसी तरह का कोई प्रतिक्रिया देने के लिए अधिकृत नहीं हैं और उनके इस आचरण पर उनपर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इधर, विधायक रोहित जोसेफ तिर्की ने भी बंडामुंडा एआरएम की प्रतिक्रिया की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने रेलवे प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जल्द उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे इस मामले में आगे उचित कदम उठाने को मजबूर होंगे। रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज की अनुपलब्धता से यात्रियों को हो रही परेशानी के बीच अब लोगों की नजरें रेलवे प्रशासन के एक महीने के आश्वासन पर टिकी हैं।





टिप्पणियां