रेलखंड की समस्याओं पर दो संगठनों ने जीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
ग्रामसभा की सहमति से भूमि अधिग्रहण, रैयतों को मुआवजा और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग; वंदे भारत के ठहराव व जनशताब्दी के नियमित परिचालन पर दिया जोर

डोंगवापोशी। डोंगवापोशी रेलखंड की समस्याओं और रेलवे विस्तार से प्रभावित ग्रामीणों के अधिकारों को लेकर सोमवार को झारखंड पुनरुत्थान अभियान तथा झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन को ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने मांगों पर शीघ्र पहल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु ने डोंगवापोशी-जुरुडीह रेल विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण में पारंपरिक ग्रामसभा की सहमति अनिवार्य करने की मांग की। साथ ही प्रभावित आदिवासी रैयतों को उचित मुआवजा और पुनर्वास की सुविधा देने पर जोर दिया।
वहीं, झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा ने यात्री सुविधाओं की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए ट्रेन संख्या 20891 वंदे भारत का डोंगवापोशी में ठहराव तथा 12021 जनशताब्दी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा बड़ाजामदा में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण और पूर्व में अधिग्रहित जमीन के बदले मुआवजा व रोजगार देने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा सहित फिरोज अहमद, अशोक पान, राजेंद्र बालमुचू, लक्ष्मण बालमुचू समेत दोनों संगठनों के कई सदस्य उपस्थित थे।





टिप्पणियां