डोंगवापोशी में मेंस कांग्रेस ने जीएम को सौंपा छह सूत्री मांगपत्र, रेलकर्मियों की समस्याओं से कराया अवगत
फुट ओवरब्रिज विस्तार से लेकर ₹24 करोड़ के बकाया ओवरटाइम भुगतान तक के मुद्दे उठाए, जीएम ने कई मांगों पर दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन

चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन के जरुली से राजखरसावां रेलखंड के निरीक्षण के दौरान डोंगवापोशी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान मेंस कांग्रेस के चक्रधरपुर मंडल संयोजक शशि मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेलकर्मियों की समस्याओं से संबंधित छह सूत्री मांगपत्र महाप्रबंधक को सौंपा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने डोंगवापोशी स्टेशन के फुट ओवरब्रिज का विस्तार सिक लाइन तक करने, चक्रधरपुर मंडल की ब्रांच लाइन में मोबाइल मेडिकल वैन और नियमित विशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच शिविर शुरू करने की मांग उठाई। इसके अलावा रेलवे कॉलोनियों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराई जा रही सफाई व्यवस्था की समीक्षा तथा प्रमुख रेलवे सेटलमेंट की जर्जर सड़कों और नालियों की मरम्मत कराने का मुद्दा भी उठाया गया।
सबसे अहम मुद्दा ट्रेन मैनेजरों के वर्ष 2022-23 के लगभग 24 करोड़ रुपये के बकाया ओवरटाइम भुगतान का रहा। मेंस कांग्रेस ने इसके लिए जोनल स्तर पर अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
फुट ओवरब्रिज के विस्तार पर महाप्रबंधक ने व्यवहार्यता की जांच कराने की बात कही, जबकि रेलवे कॉलोनियों की सड़कों और नालियों की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि महाप्रबंधक के हस्तक्षेप से रेल कर्मियों की लंबित समस्याओं का समाधान होगा।
इस अवसर पर डीपीएस के शाखा सचिव सुभाष मजूमदार, दीपक कुमार, केएस राव समेत मेंस कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।





टिप्पणियां