top of page

सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा को लेकर रेल जीएम अनिल कुमार जैन ने किया चक्रधरपुर रेल मंडल का व्यापक निरीक्षण दौरा

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
41 मिनट पहले
3 मिनट पठन

डांगुवापोसी में नई लॉबी का रेल जीएम ने किया उद्घाटन, कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं; मालुका में ट्रेन ठहराव और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर दिया कार्रवाई का भरोसा



चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने सोमवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के जरूली से राजखरसावां रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, स्टेशन, यार्ड, सिग्नल एवं टेलीकॉम व्यवस्था के साथ यात्री सुविधाओं और चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बुनियादी ढांचे की स्थिति की समीक्षा करने और यात्रियों एवं रेलकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं में सुधार करना बताया गया है।


निरीक्षण की शुरुआत सुबह 7:30 बजे जरुली स्टेशन से हुई। इसके बाद जीएम ने निर्धारित रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।


डांगुवापोसी में नई लॉबी का उद्घाटन, कर्मचारियों से की बातचीत


निरीक्षण के क्रम में रेल जीएम डांगुवापोसी पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन, रेलवे यार्ड, रेल पटरी और सिग्नल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले फोर्थ ग्रेड रेल कर्मियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। करीब आधे घंटे तक चली बातचीत में कर्मचारियों ने कार्यस्थल की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। जीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।



इस दौरान स्टेशन परिसर में नवनिर्मित टिकट काउंटर और रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया गया। डांगुवापोसी में नवनिर्मित लॉबी का उद्घाटन जीएम की उपस्थिति में चक्रधरपुर रेल मंडल के मेल एक्सप्रेस के सीनियर लोको पायलट जी मुर्मू ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया।


विकास की कमी के कारण ट्रेन चल रही लेट


चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों के लेट चलने के सवाल पर रेल जीएम ने कहा है की क्षेत्र में रेलवे की आधारभूत संरचनाओं में विकास की भारी कमी है। जिसके चलते ट्रेनें लेट चल रही हैं। थर्ड लाइन और फोर्थ लाइन बनने के साथ ही ट्रेनों के परिचालन में सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा है कि जनशताब्दी और अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के विलम्ब से चलने के मामले पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि समस्या का समाधान कर ट्रेनों को समय पर चलाया जा सके।


इस साल रेल दुर्घटना में है कमी: रेल जीएम


चक्रधरपुर रेल मंडल में लगातार हो रहे रेल दुर्घटना के सवाल पर रेल जीएम ने कहा है कि पिछले सालों की तुलना में इस साल रेल दुर्घटना में कमी आई है। उन्होंने कहा कि उनका दौरा ही रेलवे की सुरक्षित परिचालन पर केन्द्रित है। रेल पटरियों के सुधार का काम निरंतर जारी हैं और आने वाले समय में रेल दुर्घटनाओं में कमी आयेगी।


सुरक्षित ट्रेन परिचालन पहली प्राथमिकता


निरीक्षण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में जीएम अनिल कुमार जैन ने कहा कि रेलवे की पहली प्राथमिकता सुरक्षित ट्रेन परिचालन है। इसके लिए ट्रैक के रखरखाव के साथ सिग्नल एवं टेलीकॉम व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई है। जहां भी कमियां पाई गई हैं, उन्हें दूर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। डांगुवापोसी, जरूली समेत अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की गई है।



मालुका में ट्रेन ठहराव की मांग पर जांच


मालुका स्टेशन पर जनशताब्दी व अन्य ट्रेन के ठहराव की स्थानीय मांग पर रेल जीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव रेलवे के निर्धारित मानकों के आधार पर तय होता है। स्थानीय लोगों की मांग की समीक्षा कराई जाएगी। यदि ठहराव के मानक पूरे होते हैं, तो आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों की पोस्टिंग, नए क्वार्टर भी बनेंगे


डांगुवापोसी रेलवे अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठने पर जीएम ने अतिरिक्त डॉक्टरों की पोस्टिंग का निर्देश देने की बात कही। इससे रेल कर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, रेलकर्मियों के लिए आवास की कमी को देखते हुए डांगुवापोसी में नए रेलवे क्वार्टरों के निर्माण का भी आश्वासन दिया। जीएम ने बताया कि इस संबंध में डीआरएम से चर्चा की गई है और जल्द निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। जीएम के दौरे के दौरान देवझर स्टेशन में 10 मिनट के लिए ट्रेन रुक गयी। जानकारी मिली कि सिग्नल व्यवस्था में दिक्कत के कारण रेल जीएम के सैलून को रुकना पड़ा। 



रेल महाप्रबंधक के इस निरीक्षण के दौरान एक ओर जहां रेलवे की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा हुई, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से उठ रही यात्री सुविधाओं और रेलकर्मियों की समस्याओं को भी अधिकारियों के सामने रखा गया। अब इन मुद्दों पर दिए गए निर्देशों और आश्वासनों आने वाले समय में कितना काम होता है यह आने वाले समय ही बताएगा।

टिप्पणियां


bottom of page