पुलिस का एसपीओ ही निकला अफीम के काले कारोबार का खिलाड़ी, वर्दीधारी तंत्र से जुड़कर करता रहा अवैध धंधा!
सोनुआ में 1.04 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार कुंवर सिंह गागराई पुलिस के लिए सूचना देने वाले एसपीओ के पद पर था तैनात; एसडीपीओ ने माना पद का दुरुपयोग कर अफीम के कारोबार में शामिल था आरोपी, एसपीओ पद से हटाने और कठोर कार्रवाई की तैयारी।

चाईबासा: जिस व्यक्ति की जिम्मेदारी पुलिस तक गांव और जंगलों की गतिविधियों की सूचनाएं पहुंचाना और अपराध पर नियंत्रण में सहयोग करना था, वही कथित तौर पर अफीम के काले कारोबार में शामिल मिला। पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ में 1.04 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार कुंवर सिंह गागराई का पुलिस से जुड़ा होना इस पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है। आरोपी कुंवर सिंह पुलिस के लिए एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) के रूप में काम करता था। यानी पुलिस के सूचना तंत्र का हिस्सा होने के बावजूद वह खुद अफीम की खेती और खरीद-बिक्री के अवैध कारोबार में संलिप्त था।
इस मामले का खुलासा चक्रधरपुर के एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार कुंवर सिंह गागराई एसपीओ के पद पर रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग कर अफीम के अवैध कारोबार में शामिल था। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और उसे एसपीओ के पद से हटाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
दरअसल, 23 नवंबर को सोनुआ पुलिस ने बांझीकुसुम मोड़ के पास घेराबंदी कर कुंवर सिंह गागराई और उसके साथी रेला होरो उर्फ रेला कच्छप को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 1.04 किलो अफीम, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और तीन स्मार्टफोन बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले तीन से चार वर्षों से अफीम की खेती और खरीद-बिक्री के धंधे में सक्रिय थे। बरामद अफीम की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस के सूचना तंत्र पर भी उठे सवाल
इस गिरफ्तारी ने पुलिस के स्थानीय सूचना तंत्र की निगरानी और विश्वसनीयता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपीओ जैसे पद पर तैनात व्यक्ति का खुद अवैध कारोबार में शामिल होना केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी का मामला नहीं रह जाता, बल्कि यह पुलिस और उसके सहयोगी सूचना तंत्र की जवाबदेही से भी जुड़ जाता है।
अब सवाल यह है कि क्या पुलिस के लिए सूचना जुटाने वाले सभी एसपीओ की गतिविधियों और पृष्ठभूमि की नियमित जांच होती है? कहीं पुलिस से जुड़े होने का लाभ उठाकर कुछ लोग अपने निजी अवैध कारोबार को तो नहीं बढ़ा रहे हैं? क्या एसपीओ की भूमिका और उनके संपर्कों की निगरानी के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था है?
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अफीम के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। लेकिन इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला पहलू कुंवर सिंह गागराई का एसपीओ होना है। पुलिस के लिए सूचना जुटाने की जिम्मेदारी निभाने वाला व्यक्ति खुद अपराध के कारोबार में शामिल पाया गया, ऐसे में अब पुलिस के सामने अपने ही सूचना तंत्र की विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
BYTE: डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, एसडीपीओ, चक्रधरपुर।





टिप्पणियां