राज्य स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव में चक्रधरपुर मंडल का दबदबा, बच्चों ने जीते कई पुरस्कार
कब और बुलबुल वर्ग की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन, लोक नृत्य और अभिनय समेत कई स्पर्धाओं में हासिल किया प्रथम स्थान; 200 प्रतिभागियों के बीच दिखाई प्रतिभा

चक्रधरपुर। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में आयोजित 24वें राज्य स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव में चक्रधरपुर रेल मंडल के नन्हे कब्स एवं बुलबुल्स ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय उत्सव में दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा, चक्रधरपुर, रांची, खड़गपुर और केंद्रीय जिला (गार्डन रीच) के करीब 200 बच्चों ने हिस्सा लिया।
दक्षिण पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्यालय की ओर से आयोजित इस उत्सव में बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्काउटिंग के मूल्यों को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता में चक्रधरपुर मंडल के कब्स वर्ग ने लोक नृत्य, अभिनय, कम्पास, राष्ट्रीय ध्वज और पाक कला में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हस्तकला, प्रश्नोत्तरी, जंगल प्ले, कहानी सुनाने और निरीक्षण प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह बुलबुल वर्ग ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस वर्ग में लोक नृत्य, अभिनय, हस्तकला, अवलोकन खेल, संतुलन चाल, बुलबुल ग्रैंड सैल्यूट और बुलबुल नाद में प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि प्रश्नोत्तरी और कम्पास प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

23 नवंबर को आयोजित समापन समारोह में खड़गपुर मंडल के डीआरएम ललित मोहन पांडेय एवं उनकी पत्नी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार एवं ट्रॉफियां प्रदान कीं।
इस उपलब्धि के पीछे कब्स दल के नेता अरुण गोवाला के साथ सुभाषिष दत्ता, प्रकाश प्रमाणिक, सनातन माझी, राजा प्रसाद, राहुल कुमार यादव और मनोज गुप्ता का योगदान रहा। वहीं बुलबुल दल का नेतृत्व पूजा नायक ने किया। उनके साथ आशा कुमारी प्रधान और नीतू सुना ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।
चक्रधरपुर मंडल के बच्चों की इस सफलता से दक्षिण पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के चक्रधरपुर जिला संघ में खुशी का माहौल है। छोटी उम्र में बच्चों ने अनुशासन, हुनर और सामूहिक प्रयास का परिचय देकर मंडल का गौरव बढ़ाया है।





टिप्पणियां