top of page

झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे बिखरा पड़ा सिग्नल विभाग का स्क्रैप, हादसे की आशंका से लोगों में नाराजगी

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
4 घंटे पहले
1 मिनट पठन

झारसुगुड़ा। चक्रधरपुर रेल मंडल के झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे सिग्नल विभाग के स्टोर के बाहर मुख्य सड़क किनारे विभागीय स्क्रैप सामान बिखरा पड़ा है। विभाग के पुराने लोहे के सामान को सड़क से सटाकर फेंक दिए जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सड़क के बेहद करीब पड़े इन लोहे के सामानों से बचकर लोगों को गुजरना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, दिन के समय किसी तरह लोग संभलकर इस रास्ते से निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। कम रोशनी में सड़क किनारे पड़े लोहे के सामान दिखाई नहीं देने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद संबंधित रेलवे सिग्नल विभाग की ओर से अब तक इन्हें हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।


गौरतलब है कि इसी मुख्य सड़क से प्रतिदिन हजारों रेलकर्मी और रेलवे कॉलोनी के निवासी आवागमन करते हैं। खासकर रेलवे कॉलोनी की छात्राएं इसी रास्ते से होकर स्कूल आती-जाती हैं। ऐसे में सड़क किनारे बिखरा पड़ा लोहे का कबाड़ उनके लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।


स्थानीय निवासियों ने रेलवे प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट करते हुए मांग की है कि सड़क किनारे पड़े सभी पुराने लोहे के सामान और स्क्रैप को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि राहगीरों, स्कूली छात्राओं और वाहन चालकों को संभावित दुर्घटना से बचाया जा सके। अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है।

टिप्पणियां


bottom of page