चाईबासा में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, उपायुक्त ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद
- Rahul
- 6 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

चाईबासा: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को चाईबासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी तथा प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी ईरा जोरवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त ने केक काटा, गुब्बारे उड़ाकर जागरूकता का संदेश दिया तथा सेल्फी प्वाइंट पर हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों एवं आमजनों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित न रहने दें।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक जीवनरक्षक खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और जनभागीदारी से ही पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को कायम रखा जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से छूट न जाए।





टिप्पणियां