top of page

चक्रधरपुर में मुहर्रम को लेकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
23 जून
1 मिनट पठन

चक्रधरपुर: आगामी पर्व मुहर्रम के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को अनुमण्डल पदाधिकारी, पोड़ाहाट चक्रधरपुर श्रुति राजलक्ष्मी, सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डा सैय्यद मुस्तफा हाशमी तथा प्रशिक्षु आइएएस ने विभिन्न मुहर्रम जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।



इस क्रम में मार्गों पर स्थित गड्ढों को शीघ्र भरने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण कराने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। साथ ही मुहर्रम पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में मुहर्रम कमेटियों के सदस्यों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों (वालंटियर्स) की नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया, ताकि जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं अनुशासन बनाए रखा जा सके। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जुलूस के साथ निरंतर वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया गया, जिससे गतिविधियों की प्रभावी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।


अधिकारियों द्वारा उच्च न्यायालय एवं राज्य सरकार के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा गया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होना चाहिए। प्रशासन द्वारा सभी अखाड़ा समितियों एवं आम नागरिकों से आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की गई। इस अवसर पर विद्युत विभाग के पदाधिकारी, नगर परिषद चक्रधरपुर के कर्मी, मुहर्रम कमेटी के सदस्य तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 


टिप्पणियां


bottom of page