top of page

10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चंदन की लकड़ी जब्त, तीन गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 23 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन

ऑटो से चोरी-छिपे चंदन की लकड़ी ले जा रहे थे आरोपी, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा



गजापति: ओड़िशा के गजापति जिले के काशीनगर पुलिस ने चंदन की लकड़ी की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 105 किलो चंदन की लकड़ी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।


काशीनगर थाना प्रभारी त्रिनाथ सेठी के अनुसार, पुलिस की टीम रोजाना की तरह सुबह काशीनगर से पारलाखेमुंडी जाने वाले राज्य राजमार्ग-4 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो में दो लोगों द्वारा संदिग्ध सामान ले जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने ऑटो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस वाहन को देखते ही चालक तेज गति से ऑटो लेकर भागने लगा।


पुलिस ने करीब 500 मीटर तक पीछा करने के बाद काशीनगर थाना क्षेत्र के खारड़ा गांव चौक के पास ऑटो को रोक लिया। तलाशी के दौरान लकड़ी बरामद हुई। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुर्दा जिले के टांगी थाना क्षेत्र के कुसुमी गांव निवासी शिराज खान और अकरम खान तथा गजपति जिले के रामगिरी थाना क्षेत्र के सनसड़ा गांव निवासी दामोदर प्रधान के रूप में हुई है।


काशीनगर वन क्षेत्र अधिकारी बलराम शबर ने जब्त लकड़ी के नमूनों की जांच के बाद सभी 105 किलो लकड़ी को चंदन की लकड़ी होने की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, यह चंदन की लकड़ी उदयगिरी और रामगिरी क्षेत्र से चोरी कर लाई गई थी।


थाना प्रभारी श्री सेठी ने पत्रकार सम्मेलन में बताया कि मामले में काशीनगर थाने में केस नंबर 169/26 दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें कोर्ट चालान कर दिया गया। पुलिस अब चंदन तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

टिप्पणियां


bottom of page