धनबाद-गया रूट पर बिछेंगी तीसरी-चौथी रेल लाइन, 242 किमी ट्रैक के लिए टेंडर जारी
- Rahul
- 12 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

धनबाद: हावड़ा-नई दिल्ली के व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए धनबाद-गया रेलखंड पर तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मल्टी ट्रैकिंग परियोजना के तहत बिहार के चिरैलापोथु से पहाड़पुर तथा कोडरमा से प्रधानखंता के बीच दो नई रेल लाइनों का निर्माण किया जाएगा।
पूर्व मध्य रेलवे के सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग ने करीब 242 किलोमीटर लंबे रेलखंड के लिए ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड में टेंडर जारी कर दिया है। इस व्यवस्था के तहत चयनित एजेंसी डिजाइन से लेकर निर्माण और आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था तक का काम पूरा करेगी।
धनबाद रेल मंडल के लिए इस परियोजना को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस व्यस्त रेल मार्ग से प्रतिदिन 100 से अधिक यात्री ट्रेनों के अलावा बड़ी संख्या में मालगाड़ियों का परिचालन होता है। तीसरी और चौथी लाइन बनने के बाद ट्रेनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी। इससे परिचालन में सुधार के साथ भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी आसान होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मार्च 2024 को इस परियोजना समेत धनबाद-मतारी नई रेल लाइन, प्रधानखंता-पाथरडीह बाजार-भोजूडीह दोहरीकरण और जमुनियाटांड़-चंद्रपुरा ट्रैक दोहरीकरण जैसी परियोजनाओं का शिलान्यास किया था।
रेलवे की इस महत्वाकांक्षी मल्टी ट्रैकिंग परियोजना के पूरा होने से धनबाद-गया कॉरिडोर पर ट्रेनों का परिचालन अधिक सुचारू होने की उम्मीद है। साथ ही, यात्री और माल परिवहन क्षमता बढ़ने से पूरे रेल मार्ग को नई गति मिलने की संभावना है।





टिप्पणियां