ओडिशा-झारखंड सीमा पर दो जुए के अड्डे! शाम ढलते ही सजता है खेल, कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल

फोटो: प्रतीकात्मक तस्वीर।
बिसरा: सुंदरगढ़ जिले के सीमावर्ती इलाकों में चल रहे जुए के अड्डों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिसरा थाना क्षेत्र से सटे झारखंड के सागजोड़ी गांव में जहां पिछले करीब दो महीने से बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने का आरोप है, वहीं कुआरमुंडा थाना क्षेत्र के तेलेईपोष में रेलवे लाइन किनारे पहाड़ी के पास स्थित खेल मैदान में भी लंबे समय से खुलेआम जुआ खेले जाने की बात सामने आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सागजोड़ी में शाम होते ही जुआरियों की भीड़ जुटने लगती है और देर रात तक बड़े दांव लगाए जाते हैं। बिसरा, बंडामुंडा, भालूलता, जराईकेला और मनोहरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचते हैं। आरोप है कि जुए के साथ शराब और खाने-पीने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाती है। इससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और अपराध बढ़ने की आशंका को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
सीमा क्षेत्र होने के कारण कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिसरा और जराईकेला पुलिस एक-दूसरे के क्षेत्र का मामला बताकर कार्रवाई से बचती नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस को इस गतिविधि की जानकारी है, तो अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई, यह समझ से परे है।
इधर, सुंदरगढ़ जिले के कुआरमुंडा थाना क्षेत्र के तेलेईपोष में रेलवे लाइन किनारे पहाड़ी के समीप स्थित खेल मैदान में भी लंबे समय से जुआ खेले जाने का आरोप है। ग्रामीणों के मुताबिक यहां प्रतिदिन कुआरमुंडा, हाथीबाड़ी,बिरमित्रापुर आदि जगहों से बड़ी संख्या में जुआरी पहुंचते हैं और लाखों रुपये के दांव लगाए जाने की चर्चा है।
शाम होते ही मैदान में जुआरियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे आसपास के लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जुए के कारण कई परिवारों की मेहनत की कमाई बर्बाद हो रही है। साथ ही जुआ अड्डों के आसपास शराबखोरी, विवाद और अन्य असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है।
दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कथित रूप से लंबे समय से चल रहे इन जुआ अड्डों को लेकर अब ग्रामीणों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने राउरकेला एसपी और चाईबासा एसपी से सागजोड़ी मामले में संयुक्त जांच कराने के साथ-साथ कुआरमुंडा पुलिस से तेलेईपोष में भी जांच कर अवैध जुआ गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि सीमा या थाना क्षेत्र का हवाला देकर कार्रवाई टालने के बजाय पुलिस को आपसी समन्वय के साथ इन गतिविधियों पर रोक लगानी चाहिए।





टिप्पणियां