top of page

रोजगार की मांग पर दूसरे दिन भी अड़े रहे 10 गांवों के ग्रामीण, सेल दुबिल माइंस गेट पर जारी रहा आंदोलन

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 27 जून
  • 2 मिनट पठन

अधिकारियों की वार्ता की अपील ठुकराई, कहा— मीडिया की मौजूदगी में आंदोलन स्थल पर ही होगी बातचीत; प्रशासन सोमवार या मंगलवार को वार्ता की तैयारी में



मनोहरपुर: स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर दुबिल ग्रामसभा के बैनर तले शुक्रवार से शुरू हुआ ग्रामीणों का आंदोलन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सेल के दुबिल माइंस गेट के समीप सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पारंपरिक हथियारों के साथ धरने पर डटे रहे। आंदोलन के दौरान ग्रामीण समय-समय पर नारेबाजी करते हुए स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की मांग दोहराते रहे।


शनिवार को सेल के कुछ अधिकारी आंदोलन स्थल पहुंचे और ग्रामीणों से कार्यालय में आकर वार्ता करने का आग्रह किया। हालांकि आंदोलनकारियों ने इस प्रस्ताव को स्पष्ट रूप से अस्वीकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस बार किसी बंद कमरे में बातचीत नहीं होगी। जो भी वार्ता होगी, वह आंदोलन स्थल पर और मीडिया की मौजूदगी में ही होगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।


ग्रामीणों एवं विभिन्न गांवों के मुंडाओं ने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने की मांग वर्षों से उठाई जा रही है। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन किए गए, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला और कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



इधर, शनिवार दोपहर मनोहरपुर के डीएसपी डेविड ए. डोडराय, बीडीओ शक्ति कुंज तथा सीओ प्रदीप कुमार चिरिया पहुंचे और सेल अधिकारियों से बैठक कर पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने आंदोलन की स्थिति और ग्रामीणों की मांगों पर चर्चा की।


बीडीओ शक्ति कुंज ने बताया कि आंदोलनरत ग्रामीणों के साथ वार्ता सोमवार अथवा मंगलवार को होने की संभावना है। प्रशासन बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।



बताया गया कि इस आंदोलन में दुबिल ग्रामसभा के नेतृत्व में चिरिया, छोटानागरा, अंकुआ, उसरूइयां, सलाई, छोटा जामकुंडिया, पोंगा, बिनुआं, लोडो, टिमरा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हैं। आंदोलन स्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लगातार बना हुआ है और क्षेत्र में स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।





टिप्पणियां


bottom of page