top of page

करोड़पति बनने की चाह में दंपती कर रहे थे गांजा कारोबार

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 22 घंटे पहले
  • 1 मिनट पठन

कार से 60 किलो गांजा बरामद, पति-पत्नी गिरफ्तार; फुलबानी से भुवनेश्वर पहुंचाते थे खेप



दशपल्ला: ओड़िशा के नयागढ़ जिले मे रातोंरात करोड़पति बनने की चाह में गांजा कारोबार कर रहे एक दंपती को बाणिगोछा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से कार में छिपाकर रखा गया 60 किलो गांजा बरामद किया है। दोनों फुलबानी से गांजा लाकर भुवनेश्वर में कारोबारियों को आपूर्ति करते थे।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयागढ़ जिले के खंडपड़ा थाना क्षेत्र के अकुराबंध बलराम प्रसाद गांव निवासी शत्रुघ्न मलिक के पुत्र शरत मलिक (48) और उनकी पत्नी के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे दोनों किआ सोनेट कार (OD-02-DL-5919) से गांजा लेकर फुलबानी से भुवनेश्वर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर बाणिगोछा थाना प्रभारी शिवप्रसाद भद्र ने बाणिगोछा हनुमान मंदिर के पास खुर्दा-बालांगीर 57 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी कर कार को रोका।


तलाशी के दौरान कार में छह पान मसाला के बैग में गांजा भरा मिला। कार और दंपती को थाने लाकर मजिस्ट्रेट व अतिरिक्त तहसीलदार चंद्रशेखर बारिक की मौजूदगी में गांजे का वजन कराया गया, जिसमें कुल 60 किलो गांजा बरामद हुआ।


पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दंपती लंबे समय से गांजा कारोबार में शामिल थे और फुलबानी से गांजा लाकर भुवनेश्वर के एक कारोबारी को आपूर्ति करते थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

टिप्पणियां


bottom of page