top of page

तीन दशक पुराने घोटाले में ACB ने छह लोगों को किया गिरफ्तार

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
5 सित॰
1 मिनट पठन

पलामू: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने करीब तीन दशक पहले एकीकृत बिहार के समय सड़क और कूप निर्माण की सरकारी योजनाओं में हुई कथित वित्तीय अनियमितता और गबन के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रिटायर कर्मचारी, ठेकेदार समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी आरोपी पलामू जिले के रहने वाले हैं। ACB ने तीन सितंबर को छतरपुर, नौडीहा बाजार और चैनपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए इनकी गिरफ्तारी की। कार्रवाई पूरे दिन चलती रही।


जानकारी के अनुसार, एकीकृत बिहार के समय शुरू हुई सड़क निर्माण और कूप निर्माण की विभिन्न सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत सरकार को मिली थी। इसके बाद ACB ने प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू की। जांच में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने के बाद वर्ष 2016 में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच जारी रही।


जांच पूरी होने के बाद ACB ने आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट हासिल किया। वारंट के आधार पर तीन सितंबर को छतरपुर, नौडीहा बाजार और चैनपुर थाना क्षेत्रों में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। करीब तीन दशक पुराने इस मामले में हुई कार्रवाई के बाद ACB अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।

टिप्पणियां


bottom of page