बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, भाजपा ने खोला मोर्चा

बड़ाजामदा: नोवामुंडी प्रखंड के बड़ाजामदा स्थित अमन लॉज में आदिवासी छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और विरोध करने वाले स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमले की घटना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के साथ भाजपा ने बड़ाजामदा थाना पहुंचकर पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और भाजपा नेत्री गीता कोड़ा ने पुलिस प्रशासन एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाजपा जोरदार आंदोलन करेगी।

बताया गया कि घटना में गंभीर रूप से घायल युवाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। गीता कोड़ा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

गीता कोड़ा ने कहा कि आदिवासी छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और इसका विरोध करने वाले युवाओं पर हमला बेहद गंभीर एवं निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित छात्रा और घायल युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।





टिप्पणियां