निशानेबाजी में अरिंदम बोस और बेटी अंकिता ने बढ़ाया चक्रधरपुर रेल मंडल का गौरव
- Rahul
- 4 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

चक्रधरपुर: पश्चिम बंगाल के आसनसोल शूटिंग रेंज में 28 से 30 अगस्त तक आयोजित 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में दक्षिण पूर्व रेलवे और सेरसा चक्रधरपुर रेल मंडल परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियां सामने आईं। प्रतियोगिता के पदक समारोह में कई गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी रही।

चक्रधरपुर रेल मंडल के बहालदा में पीडब्ल्यूआई बीडीओ इकाई में ओएस इंजीनियरिंग के पद पर कार्यरत और पिस्टल-कम-राइफल निशानेबाज अरिंदम बोस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर फायर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। उन्होंने 10 मीटर पिस्टल में पहले ही राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई कर रखा है। इसके अलावा 50 मीटर प्रोन फायर राइफल, 50 मीटर फ्री पिस्टल और 25 मीटर पॉइंट 32 फायर पिस्टल सेंटर फायर स्पर्धाओं में न्यूनतम क्वालीफाइंग स्कोर हासिल किया है।
इससे पहले अगस्त में आयोजित 16वीं झारखंड राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में अरिंदम बोस ने 50 मीटर फायर राइफल ओपन साइट और 25 मीटर स्टैंडर्ड फायर पिस्टल स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीते थे।

वहीं उनकी ज्येष्ठ पुत्री और राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज अंकिता बोस ने भी 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। पिता-पुत्री की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ दक्षिण पूर्व रेलवे, सेरसा और चक्रधरपुर रेल मंडल में खुशी का माहौल है। दोनों की सफलता रेलवे सेवा के साथ खेल के प्रति अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है।





टिप्पणियां