अबुआ आवास योजना के लाभुक का गृह प्रवेश, उपायुक्त ने नए घर की सौंपी खुशियां
- Rahul
- 14 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में शनिवार को गृह प्रवेश दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार की अबुआ आवास योजना के तहत एक लाभुक परिवार के नए घर में गृह प्रवेश कराया गया। सदर प्रखंड की मतकमहातु पंचायत स्थित मतकमहातु गांव में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने लाभुक श्रीमती मेचो देवगम को उनके नवनिर्मित पक्के आवास का विधिवत गृह प्रवेश कराया।
इस मौके पर उपायुक्त ने लाभुक परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अबुआ आवास योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि हर परिवार का अपना पक्का घर होने का सपना इस योजना के माध्यम से साकार हो रहा है। साथ ही उन्होंने नए घर की साफ-सफाई बनाए रखने और परिसर में पौधारोपण करने की भी अपील की।
गृह प्रवेश के बाद उपायुक्त ने श्रीमती मेचो देवगम को उपहार स्वरूप प्रेशर कुकर भेंट किया और परिवार के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की। लाभुक परिवार ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्का घर मिलने से उनके जीवन में सुरक्षा और सम्मान की भावना बढ़ी है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी लाभुक परिवार को शुभकामनाएं दीं तथा अन्य पात्र परिवारों से सरकार की आवास योजनाओं का लाभ उठाने और समय पर आवास निर्माण पूरा करने की अपील की। इस अवसर पर सदर चाईबासा के अंचलाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, संबंधित पंचायत के मुखिया सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





टिप्पणियां