top of page

सीएम हेमंत सोरेन को बड़ा झटका, उनके प्रस्तावक व शहीद सिदो कान्हु के वंशज मंडल मुर्मू भाजपा में शामिल

  • लेखक की तस्वीर: Upendra Gupta
    Upendra Gupta
  • 4 नव॰ 2024
  • 2 मिनट पठन


 

TVT NEWS DESK


रांची ( RANCHI) : विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने संथालपरगना में सीएम हेमंत सोरेन को बड़ा झटका दिया है.  हेमंत सोरेन के प्रस्तावक और हूल विद्रोह के नायक सिदो, कान्हू, चांद और भैरव के वंशज मंडल मुर्मू ने भाजपा का दामन थाम लिया है. देवघर में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में साहेबगंज के भोगनाडीह निवासी मंडल मुर्मू ने हेमंत का साथ छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए. इस मौके पर भाजपा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा भी मौजूद थे.

मंडल मुर्मू के शामिल होने से संथाल में भाजपा हुई मजबूत

 

मंडल मुर्मू बरहेट विधानसभा से झामुमो प्रत्याशी हेमंत सोरेन का प्रस्तावक थे. एक प्रस्तावक का ही पार्टी छोड़ना, वह भी हूल विद्रोह के नायक के वंशज का अलग होना सीएम हेमंत सोरेन ही नहीं पूरे पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. चूंकि संताल परगना प्रमंडल की राजनीति का केंद्र बिंदु हूल विद्रोह के नायक होते हैं, इस स्थिति में उनके वंशज मंडल मुर्मू को अपने पक्ष में करने में भाजपा को सफलता मिल गयी है. अब भाजपा शहीद के वंशज मंडल मुर्मू को सामने रख कर संताल समाज को अपने पक्ष में करने का प्रयास करेगी. तभी तो दुमका विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन मानते हैं कि मंडल मुर्मू के भाजपा में शामिल होने से संताल परगना प्रमंडल में भाजपा मजबूत हुई है.


भाजपा ही आदिवासियों का सम्मान दिला सकती है – मंडल

इस मौके पर मंडल मुर्मू ने कहा कि आदिवासी समाज का सम्मान और अस्मिता की रक्षा भाजपा ही कर सकती है. असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि हेमंत सोरेन घुसपैठियों के प्रवक्ता बन गए हैं, इसीलिए यूसीसी का विरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की रीति नीति परंपरा ,शासन व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होगा. हेमंत सोरेन को बताना चाहिए कि चार चार शादियां,बाल विवाह जैसे व्यवस्था क्या जायज है.  तुष्टिकरण के कारण आज संथाल परगना के भविष्य का निर्णय घुसपैठिए कर रहे हैं, जो चिंता की बात है.  असम के सीएम ने कहा कि हेमंत सोरेन घुसपैठियों के खिलाफ बोलने पर चुनाव आयोग में शिकायत करते हैं, वे घुसपैठियों के प्रवक्ता बन गए हैं. जेएमएम घुसपैठियों की पार्टी बन गई है.

 

टिप्पणियां


bottom of page