top of page

सीएम का शहर भ्रमण : ठंड और कोहरे का आनंद, सड़क किनारे कुल्हड में गर्म चाय की चुस्की, फिर अधिकारियों को निर्देश, पढ़िए पूरी खबर

  • लेखक की तस्वीर: Upendra Gupta
    Upendra Gupta
  • 3 जन॰
  • 2 मिनट पठन

 न्यूज डेस्क

रांची ( RANCHI) :  नये साल के आगाज पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी व्यस्तता के बीच थोड़ा सा समय खुद के लिए निकालने का प्रयास किया. लेकिन इसके बीच राजकाज को भी नहीं भूले. पिछले दो दिनों से सीएम हेमंत सोरेन लगातार राज्य के अधिकारियों, अपने कैबिनेट के सहयोगियों और विधायकों से नए साल की बधाईयां लेने में व्यस्त थे. लेकिन उससे थोड़ा समय निकाल कर वे अचानक राजधानी के सड़कों पर निकलें और ठंड और कोहरे का आनंद लिया.   

 

चाय की चुस्की के साथ अधिकारियों को देते रहे निर्देश

 सीएम हेमंत सोरेन शहर भ्रमण के दौरान धुर्वा डैम एवं अन्य पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तार पूर्वक अवलोकन किया. इसी बीच मुख्यमंत्री ने कुल्हड में चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन नक्शे का प्रमुख आकर्षण बनेगा. निरीक्षण के दौरान श्री सोरेन ने स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुझाव लिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी. मुख्यमंत्री ने कहा, "धुर्वा डैम न केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं. सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी. "इसके उपरांत श्री सोरेन ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया. उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए.

 

इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे.

टिप्पणियां


bottom of page