top of page

कुकड़ा रेल फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पियर कैप में गहरी दरार, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 1 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

राउरकेला: बंडामुंडा-बिसरा मुख्य रेल मार्ग के कुकड़ा रेल फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की धीमी रफ्तार से पहले से ही क्षेत्र के लोग परेशान हैं। अब निर्माणाधीन ब्रिज के पियर कैप के नीचे गहरी दरारें दिखाई देने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। कुछ महीने पहले ही तैयार किए गए पियर कैप में दरार आने से निर्माण कार्य की

गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, कुकड़ा रेल फाटक के बीच रेलवे प्रशासन की ओर से ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के कारण रेल फाटक से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


इसी बीच ब्रिज के एक पियर कैप के नीचे गहरी दरारें दिखाई देने लगी है। इसे देखकर स्थानीय लोगों में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। मालूम रहे कि, पियर कैप किसी भी बड़े पुल का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। इसी के ऊपर ब्रिज के पिलर और अन्य भार टिका होता है। ऐसे में निर्माण के कुछ ही महीनों बाद पियर कैप में गहरी दरारें दिखाई देना गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।



लोगों का कहना है कि यदि निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी हुई है तो भविष्य में यह यात्रियों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। स्थानीय लोगों ने पियर कैप में आई दरारों की तत्काल तकनीकी जांच कराने की मांग की है।


साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषी मिलने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण भले ही देर से पूरा हो, लेकिन इसकी मजबूती और सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए।

टिप्पणियां


bottom of page