बंडामुंडा रेलवे कॉलोनी की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, एक ही काम पर जुटे हुए हैं तीन एजेंसी समेत रेल सफाई कर्मी
- Rahul
- 12 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

बंडामुंडा: रेलवे में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने के दावों के बीच चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा में सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे कॉलोनी और रेलवे जमीन पर बसे बाजार क्षेत्र की सफाई के लिए निकाले गए ठेके के बावजूद एक ही इलाके में कई स्तरों पर सफाई कार्य कराया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बंडामुंडा रेलवे कॉलोनी और रेलवे भूमि की साफ सफाई के लिए एनएचएम (नेशनल हेल्थ मिशन) के तहत ठेका दिया गया है। ठेकेदार द्वारा करीब एक महीने से सफाई कार्य भी किया जा रहा है। इसके बावजूद रेलवे कॉलोनी के डीजेल कॉलोनी क्षेत्र में जोनल फंड के तहत ठेका मजदूरों से जंगल झाड़ियों की कटाई का काम भी कराया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे कॉलोनी में जहां ठेका मजदूर सफाई कार्य कर रहे हैं, वहीं रेलवे सफाई विभाग के नियमित रेल कर्मचारी भी कॉलोनी के अलग अलग हिस्सों में सफाई काम करते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा राउरकेला नगर पालिका के सफाई कर्मियों द्वारा भी रेलवे क्षेत्र में सफाई किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में एक ही क्षेत्र में चार अलग अलग एजेंसियों के काम करने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
लोगों का सवाल है कि जब सफाई का कार्य पहले से ठेके के माध्यम से कराया जा रहा है, तो रेलवे के नियमित सफाई कर्मचारियों को उसी काम में क्यों लगाया जा रहा है। वहीं, जोनल फंड के इस्तेमाल को लेकर भी नाराजगी जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जोनल फंड का उपयोग रेलवे कर्मचारियों के जर्जर आवासों की मरम्मत और टूटी सड़कों के सुधार जैसे जरूरी कार्यों में होना चाहिए, लेकिन इसका इस्तेमाल जंगल झाड़ियों की कटाई में किया जा रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका आरोप है कि एक ही काम के लिए अलग अलग माध्यमों से खर्च किया जाना सरकारी धन की बर्बादी का संकेत है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का क्या जवाब देता है।





टिप्पणियां