कांग्रेस की जड़ें हुई खोखली, तो राजनीतिक हताशा और निराशा में राहुल गांधी दे रहे अनर्गल बयान– जेबी तुबिड
- Upendra Gupta
- 18 सित॰ 2025
- 2 मिनट पठन

संवाददाता
चाईबासा ( CHAIBASA) : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिड ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा आज की प्रेस वार्ता में लगाया गया “वोट चोरी” का आरोप पूरी तरह से झूठ, भ्रामक और निराधार बताया है. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर करने की एक सोची-समझी साज़िश कर रहे हैं. लेकिन देश की जनता इन झूठे आरोपों से गुमराह नहीं होगी. राहुल गांधी चाहे जितनी भी बयानबाज़ी कर लें, सच्चाई यही है कि कांग्रेस की जड़ें खोखली हो चुकी हैं और जनता भाजपा के साथ मज़बूती से खड़ी है.
“ऑनलाइन वोट डिलीशन” जैसा कोई प्रावधान ही नहीं
चुनाव आयोग ने तुरंत स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना नोटिस और प्रक्रिया के हटाया नहीं जा सकता. आयोग ने यह भी कहा कि “ऑनलाइन वोट डिलीशन” जैसा कोई प्रावधान ही नहीं है. फिर भी राहुल गांधी ने ग़लतफ़हमी और भ्रम फैलाने वाले बयान दिए, जो केवल उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा का प्रतीक है.
भारतीय जनता पार्टी यह स्पष्ट करना चाहती है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. जनता के वोट का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है. कांग्रेस पार्टी बार-बार हार का सामना करने के बाद अब अपनी नाकामियों को ढकने के लिए चुनाव आयोग पर झूठे आरोप मढ़ रही है. यह देश की जनता का भी अपमान है, जिसने बार-बार कांग्रेस को नकारा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को विश्वास और आशीर्वाद दिया है.
राहुल गांधी का झूठा आरोप मतदाताओं का अपमान
भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी का “वोट चोरी” वाला बयान एक तरह से मतदाताओं का अपमान है. यह जनता को यह कहने जैसा है कि वे अपना वोट खुद नहीं डाल पा रहे और कोई उनका वोट चुरा ले रहा है. कांग्रेस को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी निर्णायक होती है, न कि उनकी झूठी प्रेस कॉन्फ्रेंस.
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर साफ कहना है कि कांग्रेस और राहुल गांधी का यह रवैया चुनाव प्रक्रिया को बदनाम करने की साजिश है. यदि उनके पास कोई ठोस प्रमाण है तो वे अदालत और आयोग में प्रस्तुत करें, न कि मीडिया मंच से झूठ फैलाएँ. भाजपा चुनाव आयोग की निष्पक्षता और लोकतंत्र की पवित्रता में अटूट विश्वास रखती है.





टिप्पणियां