top of page

संगठन के समर्पण से राष्ट्रीय जिम्मेदारी तक पहुंचे डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, बने भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 2 मिनट पहले
  • 2 मिनट पठन

रांची: भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को राष्ट्रीय मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश संगठन में लंबे समय तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन और राज्यसभा में झारखंड से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के बाद मिली यह जिम्मेदारी उनके राजनीतिक एवं संगठनात्मक सफर में अहम पड़ाव मानी जा रही है।


डॉ. वर्मा प्रदेश महामंत्री के साथ प्रदेश चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन पर्व के दौरान सदस्यता अभियान से लेकर बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर की संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। जनवरी 2026 में प्रदेश के सांगठनिक जिलों में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के साथ प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के निर्वाचन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का दायित्व भी उन्होंने निभाया।


वर्ष 2024 में भाजपा ने उन्हें झारखंड से राज्यसभा भेजा। सांसद के रूप में उन्होंने रेल संपर्क, स्वास्थ्य, खनन, जल, कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रमुखता दी। 13 अगस्त 2026 तक उपलब्ध संसदीय रिकॉर्ड के अनुसार उनकी सदन में उपस्थिति 88 प्रतिशत रही है। उन्होंने 97 संसदीय चर्चाओं एवं कार्यवाहियों में भाग लिया और 158 प्रश्न पूछे। मानसून सत्र 2026 में उनकी उपस्थिति 100 प्रतिशत रही।


CIP रांची को राष्ट्रीय महत्व का संस्थान बनाने की पहल


हाल ही में 31 जुलाई को डॉ. वर्मा ने राज्यसभा में रांची स्थित Central Institute of Psychiatry (CIP) को Institution of National Importance का दर्जा देने की दिशा में पहल करने की मांग उठाई। उन्होंने संस्थान की ऐतिहासिक भूमिका के साथ मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान में उसके योगदान को रेखांकित किया।


कोल्हान की रेल कनेक्टिविटी का मुद्दा संसद में


पश्चिमी सिंहभूम और कोल्हान की रेल कनेक्टिविटी को लेकर भी डॉ. वर्मा लगातार सक्रिय रहे हैं। 8 अगस्त 2024 को उन्होंने राज्यसभा में विशेष उल्लेख के माध्यम से बड़बिल से रांची वाया चाईबासा रेल सेवा शुरू करने की मांग उठाई थी। उन्होंने गुवा, बड़बिल, नोवामुंडी, डोंगवापोशी, झींकपानी सहित आसपास के क्षेत्रों को राजधानी से सीधी यात्री रेल सेवा से जोड़ने की आवश्यकता बताई। बड़बिल-रांची वाया चाईबासा फास्ट मेमू सेवा की मांग भी उन्होंने रेल मंत्रालय के समक्ष रखी।


खनिज संपदा से जुड़े मुद्दों पर भी उनकी सक्रियता रही है। भूमिगत कोयला खनन, Critical Minerals, National Critical Mineral Mission और आधुनिक तकनीक से वन एवं खनन क्षेत्र की निगरानी जैसे विषय उन्होंने संसद में उठाए हैं। वे संसद की कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति के सदस्य भी हैं।


जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, भूजल रिचार्ज, रांची एयरपोर्ट के विस्तार, हेलीपोर्ट, कृषि, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ग्रामीण विकास और महिला कल्याण जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।


भाजपा राष्ट्रीय मंत्री की नई जिम्मेदारी के साथ अब डॉ. वर्मा से संगठन की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के साथ झारखंड की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर और अधिक मजबूती से रखने की उम्मीद की जा रही है।

टिप्पणियां


bottom of page