15 लाख रुपये रिश्वत लेते रेलवे इंजीनियर गिरफ्तार, ठेकेदार के बेटे को भी CBI ने दबोचा
- Rahul
- 13 मिनट पहले
- 2 मिनट पठन

विजयवाड़ा: दक्षिण मध्य रेलवे के विजयवाड़ा स्थित CSTE Projects कार्यालय में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर को 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में निजी निर्माण कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर के बेटे को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर रेलवे के करीब 179.50 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट से जुड़े बोनस भुगतान में कथित अनियमितता के आरोप हैं।
सीबीआई के अनुसार गिरफ्तार रेलवे इंजीनियर की पहचान बापीराजू, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, CSTE Projects, विजयवाड़ा के रूप में हुई है। उसके साथ Yella Constructions Pvt. Ltd. के मैनेजिंग डायरेक्टर के बेटे श्रीचंद को भी गिरफ्तार किया गया है।
179.50 करोड़ के प्रोजेक्ट में 7 करोड़ बोनस का मामला
जिस प्रोजेक्ट को लेकर रिश्वत का यह मामला सामने आया है, उसकी अनुमानित लागत करीब 179.50 करोड़ रुपये बताई गई है। यह परियोजना Automatic Block Signaling से संबंधित थी और दक्षिण मध्य रेलवे ने इसे Ganapathi Engineering Works और Yella Constructions Pvt. Ltd. के ज्वाइंट वेंचर को सौंपा था।
सीबीआई को जानकारी मिली थी कि ज्वाइंट वेंचर ने परियोजना को निर्धारित समय से पहले पूरा करने का दावा करते हुए रेलवे से करीब 7 करोड़ रुपये के बोनस की मांग की थी। इसी बोनस से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने और मंजूरी दिलाने के लिए कथित तौर पर रिश्वत का लेन-देन किया जा रहा था।
फाइल में तारीखों से कथित छेड़छाड़
जांच में यह भी आरोप सामने आया कि बोनस के दावे को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संबंधित रेलवे फाइल में दर्ज कुछ तारीखों में कथित तौर पर बदलाव या हेरफेर किया गया। इससे निजी कंपनी के ज्वाइंट वेंचर को अनुचित आर्थिक लाभ पहुंचाने और बोनस के दावे को मंजूरी दिलाने का रास्ता साफ होने का आरोप है।
सीबीआई ने कार्रवाई के दौरान 15 लाख रुपये की रिश्वत की रकम बरामद करते हुए रेलवे इंजीनियर और कंपनी से जुड़े व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच जारी है और सीबीआई रिश्वतखोरी की पूरी कड़ी तथा इसमें शामिल अन्य अधिकारियों और निजी पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है।





टिप्पणियां