बीकानेर में CBI का बड़ा एक्शन, 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेते दो रेलकर्मी गिरफ्तार
- Rahul
- 1 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन
48 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़े बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप

बीकानेर: भारतीय रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में राजस्थान के बीकानेर से बड़ी कार्रवाई सामने आई है। CBI ने रेलवे के दो कर्मचारियों को कथित तौर पर 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेलवे के सीनियर सेक्शन ऑफिसर राजेंद्र चौधरी और कर्मचारी राकेश के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने कोलकाता की एमआरटी कंपनी से जुड़े करीब 48 करोड़ रुपये के टेंडर के बिलों को पास कराने और भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार के वैध बिलों को अटकाकर उन्हें क्लीयर कराने के बदले 1.20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद जांच एजेंसी ने ट्रैप की कार्रवाई की।
बीकानेर में ढोला मारू होटल के पास स्थित रेलवे कंस्ट्रक्शन विंग कार्यालय में जैसे ही कथित रिश्वत की राशि का लेनदेन हुआ, CBI की टीम ने अचानक दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया।
CBI अब इस मामले में 48 करोड़ रुपये के टेंडर, बिल क्लीयरेंस से संबंधित दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर रही है। जांच के दौरान अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है।
रेलवे में रिश्वतखोरी और टेंडर से जुड़े मामलों में CBI की लगातार कार्रवाई ने एक बार फिर विभागीय भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।





टिप्पणियां