पश्चिमी सिंहभूम में पति पत्नी के डबल मर्डर केस का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, अपनी दुश्मनी निकालने के लिए चार लोगों ने मिलकर पति पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला
- Rahul
- 2 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में बीते 31 जुलाई को हुए पति-पत्नी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, डंडा, कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या पूर्व की आपसी रंजिश के कारण की गई थी।
मालूम रहे कि बीते 31 जुलाई को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के ग्राम गंडकीदा स्थित सरकारी तालाब के समीप 44 साल के डूयां सिंकू और उनकी पत्नी 42 साल की रोयवारी उर्फ गोरवारी सिंकू की लाश मिली थी. दोनों पर धारदार हथियार से हमला करने के निशाँ थे. दोनों उसी गाँव के निवासी थे. मृतक की बहू शीला सिंकू के लिखित आवेदन पर कुमारडुंगी थाना बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अनुसंधान में सामने आया है कि मृतक का गाँव में किसी के साथ जमीन का विवाद था तो किसी के साथ नीम के पेड़ को काटने को लेकर विवाद था. तो किसी के साथ हड़ीयाँ पीने को लेकर विवाद था. सभी अपनी दुश्मनी निकालने के लिए एकजुट हुए और कुल्हाड़ी, डंडा, पत्थर से पति पत्नी की निर्मम हत्या कर दी थी.

घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों की संलिप्तता उजागर की। आरोपियों में विजय गागराई, गिरधारी काँडाकेल , चन्द्रमोहन पूर्ति और पांडू काँडाकेल शामिल हैं। सभी आरोपी कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गंडकीदा गांव के ही रहने वाले हैं।
पुलिस की विशेष टीम ने लगातार छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, डंडा, कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस हत्याकांड को जल्द सुलझाने और आरोपियों की गिरफ़्तारी में जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, झिंकपानी अंचल पुलिस पदाधिकारी, कुमारडुंगी थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक मिलन करमाली, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार यादव सहित कुमारडुंगी थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान का अहम् योगदान रहा।





टिप्पणियां