चाईबासा में युवक की हत्या का खुलासा, शव के टुकड़े कर नदी में फेंका, 6 गिरफ्तार, सिर कुएं से बरामद
- Rahul
- 8 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अरगुंडी गांव में हुए जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय जोन गागराई की आपसी रंजिश में हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए गए और उसे कोटसोना नदी में फेंक दिया गया था। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और हसुआ भी बरामद कर लिया गया है।
दरअसल पुलिस को बीते 2 अगस्त को सूचना मिली थी कि कोटसोना नदी में एक व्यक्ति का सिर, हाथ और पैर कटा हुआ शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान अरगुंडी निवासी जोन गागराई के रूप में की। डॉग स्क्वायड और ग्रामीणों की मदद से शव के दोनों हाथ और पैर बरामद कर लिए गए, लेकिन सिर नहीं मिला। मृतक के पिता गोपीनाथ गागराई की शिकायत पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मुफ्फसिल थाना हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल गठित किया गया। जांच के दौरान मृतक के मित्र उदय जामुदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने आठ अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर आपसी रंजिश में कुल्हाड़ी और हसुआ से हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर मृतक का सिर घटनास्थल के पास स्थित एक कुएं से बरामद किया गया।
पुलिस ने अब तक सालुका जामुदा, वीरसिंह जामुदा, रामसिंह जामुदा, गणेश जामुदा, नारदे जामुदा और उदय जामुदा को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।





टिप्पणियां