चाईबासा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का भव्य अनावरण, हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
- Rahul
- 9 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के टाटा बाईपास चौक पर मंगलवार को झारखंड आंदोलन के महानायक एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में आम लोगों ने भाग लेकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही चाईबासा बायपास चौक का भी नाम बदलकर शिबू सोरेन चौक कर दिया गया है।

समारोह के दौरान पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। आदिवासी गीत, संगीत और पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। प्रतिमा के अनावरण के बाद उपस्थित लोगों ने फूल-मालाएं अर्पित कर दिशोम गुरु के संघर्ष और योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने , "दिशोम गुरु अमर रहें", "शिबू सोरेन जिंदाबाद" और "झारखंड आंदोलन अमर रहे" जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि दिशोम गुरु का जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके संघर्ष और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।

इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके संघर्ष, विचार और झारखंड की अस्मिता की रक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ तथा इसे पश्चिमी सिंहभूम के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया गया।

मौके पर विधायक निरल पुरती, जगत माझी, सोनाराम सिंकू, सुखराम उराँव, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उराँव, पूर्व विधायक बहादुर उराँव, झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





टिप्पणियां