top of page

23 नवंबर को चक्रधरपुर रेल मंडल में रेल जीएम का मिनट-टू-मिनट निरीक्षण, डांगोआपोसी में डेढ़ घंटे रहेंगे

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
1 घंटे पहले
2 मिनट पठन

नयागढ़ से राजखरसावां तक स्टेशनों, रेलवे यार्ड, रेल पटरी, पुलों और विभिन्न प्रतिष्ठानों का लेंगे जायजा; चाईबासा से मलूका के बीच होगा स्पीड ट्रायल



चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार जैन 23 नवंबर को चक्रधरपुर रेल मंडल के एक दिवसीय निरीक्षण दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर रेलवे की ओर से मिनट-टू-मिनट निरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलने वाले इस निरीक्षण के दौरान नयागढ़ से राजखरसावां तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों, यार्ड, रेल पटरी, पुलों और रेलवे प्रतिष्ठानों का जायजा लिया जाएगा। इस दौरान डांगोआपोसी में सबसे लंबा, करीब एक घंटा 45 मिनट का निरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित है।


निरीक्षण की शुरुआत सुबह 7:30 बजे नयागढ़ से जारोली 'ए' होते हुए जारोली की ओर प्रस्थान के साथ होगी। इस दौरान जीएम विंडो ट्रेलिंग के जरिए रेलखंड का निरीक्षण करेंगे। सुबह 7:55 से 8:55 बजे तक जारोली स्टेशन पर स्टेशन परिसर, रनिंग रूम और गुड्स शेड का निरीक्षण किया जाएगा।


इसके बाद जारोली से मुर्गामहादेव रोड के बीच रेल पटरी के विभिन्न संवेदनशील और रखरखाव में कठिनाई वाले स्थानों का जायजा लिया जाएगा। मुर्गामहादेव रोड से देओझर और फिर डांगोआपोसी तक के रेलखंड में इंटरलॉक्ड लेवल क्रॉसिंग, कर्व, कमजोर कटिंग और यार्ड की संरचना का निरीक्षण होगा।


सुबह 11:45 बजे जीएम डांगोआपोसी पहुंचेंगे। यहां दोपहर 1:30 बजे तक करीब एक घंटा 45 मिनट का विस्तृत निरीक्षण कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान यार्ड, गैंग नंबर 11, पैनल एवं रिले रूम, पीएच-16 कार्य, स्टेशन, क्रू लॉबी, रनिंग रूम, सरंडा कॉलोनी, हेल्थ यूनिट, आरपीएफ पोस्ट और आरओएच डिपो का निरीक्षण किया जाएगा। डांगोआपोसी में होने वाला यह निरीक्षण दौरे का सबसे महत्वपूर्ण और लंबा पड़ाव होगा।


दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक आरक्षित समय रखा गया है। इसके बाद जीएम मलूका पहुंचेंगे, जहां एसएसपी, पीएच-16 कार्य, ट्रैक मशीन और कैंपिंग कोच का निरीक्षण करेंगे। मलूका से चाईबासा के बीच 3:10 से 3:40 बजे तक स्पीड ट्रायल निर्धारित है। चाईबासा स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (एफओबी) और एबीएसएस से संबंधित कार्यों का जायजा लिया जाएगा।


शाम 4 बजे चाईबासा से राजखरसावां के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान मेजर ब्रिज नंबर-6 और इंप्रूव्ड एसईजे का निरीक्षण किया जाएगा। शाम 4:40 बजे राजखरसावां पहुंचने के बाद एबीएसएस स्टेशन और टीएसएस का निरीक्षण होगा। इसके साथ ही शाम 5:30 बजे महाप्रबंधक का निर्धारित निरीक्षण कार्यक्रम संपन्न होगा।

टिप्पणियां


bottom of page