top of page

रेलवे पार्सल व्यवस्था की लापरवाही! बुकिंग के बाद गायब हुई महिला की स्कूटी, रेलवे के पास नहीं है कोई जवाब

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
3 घंटे पहले
3 मिनट पठन

19 नवंबर को टाटानगर से रायपुर के लिए 18109 टाटा-इतवारी एक्सप्रेस में हुई थी बुकिंग, रायपुर में नहीं उतारी गई स्कूटी; ट्रेन टाटानगर लौटने पर भी नहीं चला पता



चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल की पार्सल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रेलवे के भरोसे अपनी स्कूटी पार्सल कराने वाली एक महिला को अब अपनी ही स्कूटी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। टाटानगर से रायपुर के लिए बुक कराई गई सोनम कुमारी की स्कूटी रेलवे की व्यवस्था के बीच कहां गायब हो गई, इसका जवाब न तो पार्सल विभाग के कर्मचारी दे पा रहे हैं और न ही संबंधित अधिकारी। आलम यह है कि बुकिंग की रसीद होने के बावजूद महिला को अपनी स्कूटी की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।



जानकारी के अनुसार, सोनम कुमारी ने 19 नवंबर को ट्रेन संख्या 18109 टाटा-इतवारी एक्सप्रेस से अपनी स्कूटी टाटानगर से रायपुर भेजने के लिए पार्सल बुक कराया था। इसके लिए रेलवे ने बाकायदा बुकिंग रसीद भी जारी की थी। तय व्यवस्था के अनुसार स्कूटी को रायपुर स्टेशन पर उतारा जाना था। लेकिन जब ट्रेन रायपुर पहुंची तो पता चला कि स्कूटी ट्रेन से उतारी ही नहीं गई। इसके बाद ट्रेन आगे रवाना हो गई। महिला को उम्मीद थी कि वापसी में ट्रेन के रायपुर पहुंचने पर स्कूटी उतार दी जाएगी, लेकिन उस दौरान भी स्कूटी नहीं मिली।


मामला तब और गंभीर हो गया जब ट्रेन टाटानगर वापस पहुंची और वहां जांच के दौरान भी स्कूटी का कोई पता नहीं चला। महिला को यहां तक बताया गया कि संभव है कि टाटानगर से स्कूटी ट्रेन में लोड ही नहीं की गई हो। ऐसे में बुकिंग के बावजूद स्कूटी कहां गई, यह रहस्य बना हुआ है।



सोनम कुमारी के मुताबिक, वह लगातार रायपुर स्टेशन के चक्कर लगा रही हैं और रेलवे के अधिकारियों तथा कर्मचारियों से जानकारी मांग रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी परेशानी साझा की, लेकिन उन्हें अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि रेलवे देश की एक विश्वसनीय संस्था है। इसी भरोसे उन्होंने अपनी स्कूटी पार्सल कराई थी, लेकिन अब उन्हें मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।


इधर, चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने भी एक्स पर जानकारी दी है कि सोनम कुमारी की स्कूटी की बुकिंग 19 नवंबर को हुई थी। हालांकि, स्कूटी रायपुर में क्यों नहीं उतारी गई और फिलहाल वह कहां है, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। रायपुर रेल मंडल की ओर से उपभोक्ता से बुकिंग संबंधी विवरण मांगा जा रहा है, लेकिन अब तक स्कूटी का पता नहीं चल पाया है।



पहले भी उठते रहे हैं पार्सल व्यवस्था पर सवाल


यह पहला मामला नहीं है, जब चक्रधरपुर रेल मंडल की पार्सल व्यवस्था पर सवाल उठे हों। टाटानगर, चक्रधरपुर और राउरकेला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल में बुक सामान समय पर नहीं पहुंचने, निर्धारित स्टेशन पर नहीं उतारे जाने और सामान की जानकारी नहीं मिलने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को अपने ही सामान की तलाश में रेलवे स्टेशनों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।



ऐसे में सोनम कुमारी की स्कूटी का लापता होना रेलवे की पार्सल व्यवस्था में निगरानी, जवाबदेही और समन्वय की गंभीर कमी को उजागर करता है। सवाल यह है कि जब रेलवे बुकिंग के नाम पर उपभोक्ता से शुल्क लेकर रसीद जारी करता है, तो सामान को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? आखिर स्कूटी टाटानगर से लोड हुई या नहीं, रायपुर में क्यों नहीं उतारी गई और ट्रेन के टाटानगर लौटने पर भी उसका पता क्यों नहीं चला? फिलहाल इन सवालों का जवाब रेलवे के पास नहीं है और महिला अपनी स्कूटी मिलने का इंतजार कर रही हैं।

टिप्पणियां


bottom of page