अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 29 प्रतिभागियों ने जीते 25 पदक
असम में आयोजित 10वीं इंटरनेशनल गोजू-रियू कराटे चैंपियनशिप में छह देशों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, झारखंड के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, आठ रजत और 13 कांस्य पदकों पर जमाया कब्जा

चक्रधरपुर। असम के न्यू बोंगाईगांव में 21 एवं 22 नवंबर 2026 को आयोजित 10वीं इंटरनेशनल गोजू-रियू कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया। बुधवार को लौट सभी खिलाड़ियों और कोच का चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन में ट्रेन से उतारते ही जोरदार स्वागत किया गया। मौके पर पहुंचे सभी खिलाडियों और कोच को माला पहनाया गया, मिठाइयाँ खिलाएगी, पटाखे फोड़कर जश्न मनाया गया। स्वागत करने वालों में राजेश शर्मा, दानिश जेब, सन्नी सुलतान खान, हैदर आदि मौजूद थे।

ऑल असम गोजू-रियू कराटे-डू एसोसिएशन के तत्वावधान में रेलवे इंस्टीट्यूट, न्यू बोंगाईगांव वर्कशॉप के इंडोर हॉल में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में भारत समेत भूटान, नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश और मलेशिया के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में ऑल गोजू-रियू कराटे फेडरेशन की ओर से झारखंड के चक्रधरपुर, सोनुआ, गोईलकेरा और राजनगर के करीब 29 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें एकेडमी हाई स्कूल, राजनगर और जेवियर एकेडमी स्कूल, गोईलकेरा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। झारखंड की टीम ने कुल 25 पदक अपने नाम किए, जिनमें चार स्वर्ण, आठ रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता में 8 से 9 वर्ष बालिका वर्ग में शोभा मुंडा ने नेपाल की खिलाड़ी को फाइनल मुकाबले में हराकर कुमिते में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं काता में रजत पदक जीता। 10 से 11 वर्ष बालिका वर्ग में सुमित्रा सुंडी ने काता में प्रथम और कुमिते में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रिया महतो ने कुमिते में कांस्य पदक हासिल किया।

12 से 13 वर्ष बालिका वर्ग में रागिनी चम्पिया ने भूटान की प्रतिभागी को हराकर काता में रजत पदक जीता। 14 से 15 वर्ष बालिका वर्ग में सरस्वती दिग्गी ने काता में कांस्य पदक प्राप्त किया। 16 से 17 वर्ष वर्ग में सलोनी हांसदा ने काता में रजत और कुमिते में कांस्य पदक जीता। इसी वर्ग के बालक वर्ग में अंशु पूर्ति ने काता और कुमिते दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 17 से 18 वर्ष बालिका वर्ग में सबिता सोय ने भूटान की खिलाड़ी को हराकर कुमिते और काता दोनों में कांस्य पदक अपने नाम किया।
चैंपियनशिप के सफल आयोजन में मलेशिया से आए ग्रैंड मास्टर सोके सोक सूर तथा ऑल इंडिया गोजू-रियू कराटे-डू फेडरेशन के चीफ इंस्ट्रक्टर कियोगी एल. नागेश्वर राव की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।

झारखंड की टीम का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन राज्य गोजू-रियू कराटे एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिहान गौस खान, वरिष्ठ कोच एहसान अहमद, सेंसेई सोमारी हेम्ब्रोम और सेंपाई सपना बोदरा ने किया। खिलाड़ियों के साथ अभिभावक जितेंद्र महतो और बिनीता समाड भी मौजूद रहीं। टीम की इस उपलब्धि में देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन का भी निरंतर सहयोग रहा। खिलाड़ियों की सफलता से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और अभिभावकों में खुशी है।

मौके पर सिहान गौस खान ने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर मैडल जीते हैं। यही नहीं अपने बेहतरीन कराटे की कलाबाजी से वहां मौजूद दर्शकों का भी खिलाडियों ने दिल जीता है। उन्होंने कहा कि सरकार इस खेल पर ध्यान दे तो बच्चे इस खेल में और भी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं। सेंसेई सोमारी हेम्ब्रोम ने बताया कि वहां किट की समस्या से उनकी टीम को जूझना पड़ा। आने वाले समय में इस समस्या को दूर करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने टीम को सहयोग करने के लिए देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन का शुक्रिया अदा किया





टिप्पणियां