top of page

सोनुवा थाना के ठीक बगल शराब दुकान में 6 से 8 लाख की चोरी, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
6 मिनट पहले
2 मिनट पठन

मुख्य सड़क पर चोरों का दुस्साहस, ग्रिल और दरवाजा तोड़कर दुकान में घुसे बदमाश; चारपहिया वाहन से महंगी शराब की बोतलें और नकदी लेकर फरार



सोनुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने थाना के ठीक बगल स्थित लाइसेंसी विदेशी शराब दुकान को ही निशाना बना डाला। बीती रात चोरों ने दुकान का ग्रिल और दरवाजा तोड़कर करीब 6 से 8 लाख रुपये मूल्य की महंगी शराब की बोतलें और नकदी चोरी कर ली। इस घटना ने सोनुवा पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


जानकारी के अनुसार, चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए मालवाहक चारपहिया वाहन का इस्तेमाल किया। बदमाशों ने पहले दुकान में लगे ग्रिल को तोड़ा और फिर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद दुकान के दराज में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इतना ही नहीं, दुकान में रखी महंगी शराब की बोतलों को एक-एक कर वाहन में लादा और आराम से फरार हो गए।



इस पूरी वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में कथित तौर पर बदमाशों को मुंह पर मंकी कैप पहनकर दुकान के अंदर घुसते, दराज से पैसे निकालते और शराब की बोतलें उठाकर ले जाते देखा जा सकता है। चोर बेहद इत्मीनान से पूरी घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने तक़रीबन 6 से आठ लाख रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है, चोरी के सामानों का मूल्यांकन जारी है, मूल्यांकन के बाद चोरी से हुए नुकसान का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।



हैरानी की बात यह है कि जिस दुकान में चोरी हुई, वह राष्ट्रीय राजमार्ग-320डी के किनारे स्थित है और सोनुवा थाना से महज चंद कदमों की दूरी पर है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि थाना के इतने करीब चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम दे दिया? क्या रात के समय पुलिस की गश्ती नहीं हो रही थी या फिर चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं था?


शराब दुकान के मालिक शशि कुमार सिंह हैं जबकि शराब दुकान के मैनेजर रोहित कुमार हैं। रोहित कुमार ने बताया कि घटना बीती रात की है। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई है। मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थाना के ठीक बगल इतनी बड़ी चोरी होने से दुकान संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।


फिलहाल इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें कब तक गिरफ्तार कर पाती है।

टिप्पणियां


bottom of page