top of page

चक्रधरपुर में दस होटल एवं लाजों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 13 मिनट पहले
  • 2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: अनुमंडल पदाधिकारी, चक्रधरपुर श्रुति राजलक्ष्मी के नेतृत्व में कार्यपालक दंडाधिकारी, चक्रधरपुर, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी तथा सहायक अभियंता (विद्युत), चक्रधरपुर ने संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र स्थित होटल एवं लाजों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस क्रम में साई गेस्ट हाउस, श्याम सुंदर लाज, कंचन लाज, सीकेपी दरबार होटल, होटल बर्मन, होटल सेंट्रल पार्क, बिहार लाज, होटल के-2, होटल हरि इंटरनेशनल एवं होटल अंश राज इंटरनेशनल सहित कुल दस प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, सामग्री की स्थिति तथा वैधता अवधि की जांच की गई। इस क्रम में संबंधित संचालकों को सभी एक्सपायर्ड अग्निशमन यंत्रों को अविलंब बदलने तथा अग्निशमन यंत्रों की नियमित रिफिलिंग एवं अनुरक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठानों के भवन स्वरूप एवं क्षमता के अनुरूप पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र, होज़ सिस्टम एवं अन्य आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण दल द्वारा सभी संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग से यथाशीघ्र अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्राप्त करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

एसडीओ के नेतृत्व में टीम ने किया निरीक्षण, संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश


सहायक अभियंता (विद्युत) द्वारा विद्युत मीटर एवं अन्य विद्युत उपकरणों को ज्वलनशील पदार्थों से सुरक्षित दूरी पर स्थापित रखने तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया, ताकि आग लगने की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उपस्थित होटल एवं लाज कर्मियों को अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी दिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को अपने अन्य कर्मचारियों को भी अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन द्वारा सभी प्रतिष्ठान संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई।

टिप्पणियां


bottom of page