ट्रक लूट की तैयारी कर रहा अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया, तीन गिरफ्तार
- Rahul
- 16 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

तलसरा: ओड़िशा प्रदेश के सुंदरगढ़ जिले के तलसरा थाना पुलिस ने रात में ट्रकों को लूटने की तैयारी कर रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चाकू, लोहे की रॉड, लाठी, मिर्च पाउडर, काले मुखौटे और प्लास्टिक की रस्सी समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27/28 अगस्त की रात गश्त के दौरान तलसरा थाना की एसआई दमयंती महंत को एसएच-24 स्थित सौनामुरा चौक के पास कुछ संदिग्ध लोगों के जमा होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन तीनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे सुनसान स्थान पर रात में गुजरने वाले ट्रकों को लूटने की तैयारी कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और संबलपुर जिलों में चोरी और घरों में सेंधमारी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 26/27 अगस्त की रात आरोपियों ने संबलपुर जिले के रेंगाली थाना क्षेत्र से इन्वर्टर, बैटरी और बर्तन चोरी किए थे। इसके बाद वे OD-16A-7202 नंबर की टाटा नेक्सन कार से लौट रहे थे। भस्मा थाना क्षेत्र में पुलिस जांच के दौरान उन्होंने रुकने के बजाय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को वाहन से कुचलने का प्रयास किया और फरार हो गए।

घटना के बाद सुंदरगढ़ एसपी के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों को सतर्क किया गया। भस्मा और सदर थाना पुलिस की टीमों ने वाहन का पीछा किया। मामले में भस्मा थाना में केस नंबर 329/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 132/109(1)/351(3)/3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, संबलपुर के रेंगाली थाना में केस नंबर 179/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 331(4)/305(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार किसपोट्टा (23), रुस्तम कुजूर (26) और संजू कुजूर (25) के रूप में हुई है। तीनों छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बताउली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव के निवासी हैं।
पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस ने गिरोह द्वारा अपराध के जरिए अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाने के लिए आर्थिक जांच शुरू करने और ऐसी संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।





टिप्पणियां