top of page

रांची-धनबाद में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते तीन लेखा अधिकारी गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 17 मिनट पहले
  • 2 मिनट पठन

सीआईएसएफ हवलदार के टीए और बच्चों के शिक्षा भत्ता बिल पास करने के एवज में मांगी थी ₹48,400 की रिश्वत



राज्य ब्यूरो, रांची: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय के तीन अधिकारियों को ₹48,400 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों में सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर संतोष कुमार महतो, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर सुनील कुमार और असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर सुजीत कुमार सिंह शामिल हैं।


रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय केंद्रीय गृह मंत्रालय से जुड़ा कार्यालय है, जहां एनआईए, सीआईएसएफ और एनसीबी समेत विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों से संबंधित लेखा कार्यों का निपटारा किया जाता है।


सीआईएसएफ हवलदार की शिकायत पर कार्रवाई


मामले की शुरुआत एक सीआईएसएफ हवलदार की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित एनटीपीसी में पदस्थापित हैं। आरोप है कि उनके यात्रा भत्ता (टीए) और बच्चों के शैक्षणिक भत्ता से संबंधित बिलों को प्रोसेस कर भुगतान कराने के एवज में अधिकारियों ने ₹48,400 की रिश्वत मांगी थी।


हवलदार ने इसकी शिकायत सीबीआई से की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद सीबीआई की रांची एसीबी ने प्राथमिकी दर्ज की और आरोपों की पुष्टि के लिए जाल बिछाया।



कार्यालय में बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़े गए अधिकारी


प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सीबीआई की टीम ने गुरुवार को डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय में कार्रवाई की। तय योजना के तहत रिश्वत की रकम लेते ही तीनों अधिकारियों को मौके पर पकड़ लिया गया। सीबीआई ने रिश्वत की राशि भी जब्त कर ली है।


रांची और धनबाद में पांच ठिकानों पर छापेमारी


गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने तीनों अधिकारियों से जुड़े रांची और धनबाद के पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। देर रात तक चली छापेमारी के दौरान करीब 10 से 12 लाख रुपये नकद, जेवरात, जमीन से संबंधित दस्तावेज और बैंक लॉकर से जुड़े विवरण मिलने की बात सामने आई है। बरामद सामग्री और दस्तावेजों का सीबीआई की टीम सत्यापन कर रही है।



अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में


सीबीआई अब गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ के आधार पर इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एजेंसी को आशंका है कि रिश्वतखोरी का यह मामला केवल तीन अधिकारियों तक सीमित नहीं हो सकता और कार्यालय के अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी इसमें शामिल हो सकते हैं।


गिरफ्तार तीनों आरोपितों को सीबीआई शुक्रवार को रांची स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश करेगी। आगे की कार्रवाई पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

टिप्पणियां


bottom of page