top of page

कोल्हान का कुख्यात अपराधी मदन शर्मा हथियार सप्लायर के साथ गिरफ्तार,सुमित यादव हत्याकांड का भी खुलासा

  • लेखक की तस्वीर: Upendra Gupta
    Upendra Gupta
  • 23 नव॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

 

न्यूज डेस्क

चाईबासा( CHAIBASA) : चाईबासा पुलिस ने कुख्यात अपराधकर्मी मदन शर्मा को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टेकराहातु खदान के पास से उसे पकड़ा गया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो देशी कट्टा, एक सिक्सर और 13 जीवित कारतूस बरामद किए गए. पूछताछ के दौरान मदन ने हथियार सप्लाई करने वाले मारकण्डेय सिंह कुन्टिया का नाम बताया, जिसे पुलिस ने तत्परता से गिरफ्तार कर लिया. मारकण्डेय ने भी हथियार सप्लाई करने की बात स्वीकार की.

 दोनों अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास

कुख्यात अपराधकर्मी मदन शर्मा जिनके नाम पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मदन शर्मा लंबे समय से पश्चिम सिंहभूम जिले में संगीन घटनाओं में शामिल रहा है. उसके विरुद्ध हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

मारकण्डेय सिंह कुन्टिया भी क्षेत्र में कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है. उस पर डकैती, हत्या, धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध हथियार सप्लाई करने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं.

मदन शर्मा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में होने की बात सामने आई. अवैध हथियारों के संबंध में कागजात मांगने पर वह कोई जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद हथियार जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया.

 सुमित सिंह यादव हत्याकांड का खुलासा

पूछताछ में मदन शर्मा ने 13 जुलाई 2025 को सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में सुमित सिंह यादव की हत्या करने की बात स्वीकार की. उसने बताया कि वर्ष 2022 में सुमित सिंह यादव ने पुलिस की मदद से उसे एक अन्य हत्याकांड में गिरफ्तार करवाया था, इसी रंजिश में जेल से छूटने के बाद उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया.

कार्रवाई में शामिल विशेष टीम

एसडीपीओ सदर बहामन टुटी, डीएसपी तरुण कुमार, थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित मुफ्फसिल और सदर थाना के कई पुलिस अधिकारी व सशस्त्र बल शामिल रहे.

 

टिप्पणियां


bottom of page