झारखंड की राजनीति को बड़ा झटका, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन
- Rahul
- 3 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

रांची: गिरिडीह से इस वक्त की बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से झारखंड की सियासत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, रात में सोने जाने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाना भी संभव नहीं हो सका।

मंत्री के निधन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वहीं, खबर फैलते ही झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ अस्पताल तथा उनके आवास पर जुटने लगी। पूरे गिरिडीह में मातम का माहौल है।
सुदिव्य कुमार सोनू वर्तमान में गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उन्होंने वर्ष 2019 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई। इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।

सरकार में उन्हें पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य, नगर विकास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिली थी।
सुदिव्य कुमार सोनू लंबे समय से झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े रहे और पार्टी के भीतर उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी नेताओं में गिना जाता था। संगठन से लेकर सरकार तक, वह अपने बेबाक अंदाज और मुद्दों को मजबूती से रखने के लिए जाने जाते थे।

हाल के दिनों में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए छात्र आंदोलनों के दौरान भी उनकी सक्रिय भूमिका सामने आई थी। सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच संवाद कायम करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक निधन झारखंड की राजनीति, झामुमो संगठन और राज्य सरकार के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। एक सक्रिय युवा राजनीतिक चेहरे के असमय चले जाने से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है।





टिप्पणियां