top of page

चक्रधरपुर की नन्ही शतरंज प्रतिभा मेहर बोस ने राज्य स्तर पर चमकाया नाम, अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चलेगी शतरंज की चाल 

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 13 जून
  • 2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: शहर की उभरती हुई शतरंज खिलाड़ी मेहर बोस ने कम उम्र में ही अपनी शानदार प्रतिभा का परिचय देते हुए राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में पांचवां स्थान हासिल कर चक्रधरपुर का नाम रोशन किया है। रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय में आयोजित अंडर-7 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच मेहर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि अपने नाम की।


महज सात वर्ष की उम्र में मेहर की खेल समझ और शतरंज की बिसात पर उनकी रणनीतिक चालें अनुभवी खिलाड़ियों को भी सोचने पर मजबूर कर देती हैं। प्रतियोगिता के दौरान उनके आत्मविश्वास और खेल कौशल ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। शतरंज प्रेमियों का मानना है कि मेहर में भविष्य की एक बड़ी खिलाड़ी बनने की पूरी क्षमता दिखाई दे रही है।


मेहर बोस वर्तमान में चक्रधरपुर स्थित माँ आमिया देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में कक्षा एक की छात्रा हैं। उनकी इस सफलता से परिवार और स्कूल दोनों में खुशी का माहौल है। मेहर के पिता विकास बोस पेशे से व्यवसायी हैं और अपनी बेटी की इस उपलब्धि से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में मेहर ने खेल जगत में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी है और परिवार उसकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करेगा।


राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद मेहर बोस का अब अगला लक्ष्य महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का है। यह प्रतियोगिता 30 जून से शुरू होगी। राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ मेहर ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।


परिजनों और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि मेहर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए चक्रधरपुर और झारखंड का गौरव बढ़ाएंगी। उनकी सफलता ने क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।

टिप्पणियां


bottom of page