संजय मिश्रा बने भाजपा चक्रधरपुर संगठन जिला के मीडिया प्रभारी
- Rahul
- 5 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले में पिछले 27 वर्षों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले संजय मिश्रा "बुद्धू पंडित" को भाजपा ने चक्रधरपुर संगठन जिला का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद संगठन में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। संजय मिश्रा ने कहा कि उन्हें पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के कार्यों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मिली है, जिसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार संजय मिश्रा की चक्रधरपुर क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों पर अच्छी पकड़ है। वे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुवा के कार्यकाल में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं और उनके करीबी सहयोगियों में गिने जाते रहे हैं। लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक सक्रियता के कारण पार्टी को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
हाल ही में चक्रधरपुर के गेस्ट हाउस में प्रदेश नेता शैलेन्द्र सिंह की उपस्थिति तथा संगठन जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में नवनिर्वाचित जिला पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक शशिभूषण सामड एवं विजय सिंह गागराई भी मौजूद थे। समारोह के दौरान संगठन जिला की नई टीम की घोषणा की गई, जिसमें जिला उपाध्यक्ष के रूप में अमरेश प्रधान, रविंद्र गुप्ता, अनूप सिंह, गोरखनाथ बोदरा, लखी मुंडा एवं राम कृपाल प्रधान को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं तीर्थ जमुदा और किशोर डागा को जिला महामंत्री बनाया गया। प्रेम प्रधान, त्रिभुवन महतो, श्रीवंत सारंगी एवं रानी बंदिया को जिला मंत्री, सुरेश साहू को जिला कोषाध्यक्ष तथा कृतिवास प्रधान को जिला कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही संजय मिश्रा "बुद्धू पंडित" को जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
भाजपा नेताओं का मानना है कि नई टीम के गठन से चक्रधरपुर संगठन जिला में पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में नई टीम सक्रिय भूमिका निभाएगी। वहीं संजय मिश्रा ने भरोसा जताया कि वे पार्टी और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा संगठन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।





टिप्पणियां