ओडिशा में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी, पड़ोसी झारखंड में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
- Rahul
- 17 जून
- 2 मिनट पठन

टीवीटी न्यूज नेटवर्क: बढ़ती गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए ओडिशा सरकार और जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा कदम उठाया है। ओड़िशा के सुंदरगढ़ जिले में भीषण गर्मी के कारण जिला प्रशासन ने कक्षा पहली से 12वीं तक के सभी स्कूलों को 18 जून से 20 जून 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। आगामी 22 जून को स्कूल खुलने की संभावना है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बढ़ रहे तापमान और गर्म हवा के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई स्थगित की गई है।

वहीं दूसरी ओर, ओडिशा के पड़ोसी राज्य झारखंड में भी इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। लेकिन कई इलाकों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से अभिभावकों में चिंता देखी जा रही है। गर्मी और लू के बीच भी कई स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के लिए जाना पड़ रहा है।

अभिभावकों का कहना है कि जब ओडिशा जैसे पड़ोसी राज्य में बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूल बंद किए जा सकते हैं, तो झारखंड में भी बढ़ते तापमान और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को उचित निर्णय लेना चाहिए।
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब झारखंड के अभिभावक भी प्रशासन से राहत भरे कदम की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि भीषण गर्मी के बीच बच्चों के स्वास्थ्य पर कोई खतरा न आए। झारखंड सरकार को भी इस समस्या पर पहल करने को लेकर अभिभावकों द्वारा लगातार मांग की जा रही है।





टिप्पणियां