top of page

मानवता की मिसाल: भटकती अज्ञात मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को मिला सहारा, डालसा द्वारा रिनपास रांची में कराया गया भर्ती

  • लेखक की तस्वीर: Monika Singh
    Monika Singh
  • 20 मार्च
  • 1 मिनट पठन

चक्रधरपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रयास से एक सराहनीय मानवीय पहल देखने को मिली। गुरुवार को प्राधिकार के अध्यक्ष सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर तथा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में कई दिनों से भटक रही एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त एवं शारीरिक रूप से अस्वस्थ महिला को सुरक्षित इलाज हेतु रांची भेजा गया।

बताया गया कि उक्त महिला अपनी पहचान बताने में असमर्थ थी और उसकी स्थिति काफी दयनीय थी। मामले की गंभीरता मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिविल सर्जन सदर अस्पताल चाईबासा, एसडीपीओ चक्रधरपुर एवं महिला थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से पहल की। सभी आवश्यक दस्तावेजी और चिकित्सीय प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद महिला को रांची स्थित रिनपास (RINPAS) में भर्ती कराया गया, ताकि उसे उचित इलाज और सुरक्षित वातावरण मिल सके।


सुबह 8 बजे से शुरू हुई इस प्रक्रिया को शाम 5 बजे तक पूरा किया गया। इस कार्य में रिनपास में पदस्थापित अधिकार मित्र शारदा देवी के साथ-साथ चक्रधरपुर के अधिकार मित्र श्वेता रवानी, मनोज खंडाईत और राजशेखर रवानी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


महिला के पास पहनने तक के लिए साफ-सुथरे कपड़े नहीं थे। टीम ने पहले उसे स्वच्छ वस्त्र उपलब्ध कराए, भोजन कराया और फिर सम्मानपूर्वक रांची ले जाकर भर्ती कराया गया।

इस पहल ने न केवल एक जरूरतमंद महिला को नया जीवन देने का प्रयास किया है, बल्कि समाज में मानवता और संवेदनशीलता का भी मजबूत संदेश दिया है। प्रशासन की इस सक्रियता से यह उम्मीद जगी है कि ऐसे जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद मिलती रहेगी और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।

टिप्पणियां


bottom of page